भोपाल। मध्य प्रदेश की सांस्कृतिक, साहित्यिक और पत्रकारिता गतिविधियों को नई ऊर्जा देने की दिशा में सक्रिय मध्य प्रदेश प्रेस क्लब के अध्यक्ष डॉ. नवीन आनंद जोशी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मंत्रालय स्थित उनके कक्ष में सौजन्य भेंट की। इस दौरान आगामी माह प्रस्तावित दो प्रमुख आयोजनों—‘मध्यप्रदेश रत्न अलंकरण समारोह’ एवं ‘यो म्हारो मालवो’—की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा हुई।
डॉ. नवीन आनंद जोशी ने मुख्यमंत्री को बताया कि मध्य प्रदेश प्रेस क्लब द्वारा सामाजिक एवं सांस्कृतिक सरोकारों के तहत प्रतिवर्ष आयोजित ‘मेरा मध्यप्रदेश’ आयोजन के माध्यम से प्रदेश की उन विशिष्ट प्रतिभाओं और विभूतियों को सम्मानित किया जाता है, जिन्होंने अपने कार्य, प्रतिभा और समर्पण से मध्य प्रदेश की पहचान को देश-दुनिया में प्रतिष्ठित किया है। इसी कड़ी में इस वर्ष ‘मध्यप्रदेश रत्न अलंकरण समारोह’ आयोजित करने का प्रस्ताव है।
मालवा की संस्कृति को समर्पित होगा ‘यो म्हारो मालवो’
भेंट के दौरान ‘यो म्हारो मालवो’ आयोजन की अवधारणा पर भी विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। मालवा विकास उत्सव समिति के तत्वावधान में प्रस्तावित यह आयोजन मालवा की लोक-संस्कृति, बोली, परंपराओं, कला, संगीत, साहित्य, खान-पान और जीवन-मूल्यों को समर्पित होगा।
डॉ. जोशी ने कहा कि मालवा केवल एक भौगोलिक क्षेत्र नहीं, बल्कि अपनी विशिष्ट सांस्कृतिक चेतना, उदार लोक परंपराओं और जीवंत सामाजिक संस्कारों के कारण मध्य प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ‘यो म्हारो मालवो’ का उद्देश्य इस समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ना है।
मुख्यमंत्री ने देखी गतिविधियों की झलक
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्य प्रदेश प्रेस क्लब की अब तक की गतिविधियों तथा मालवा विकास उत्सव समिति के तत्वावधान में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की चित्रात्मक झलकियां भी देखीं। उन्होंने पत्रकारिता के साथ सामाजिक, सांस्कृतिक और रचनात्मक सरोकारों को जोड़कर किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली।
इस दौरान प्रदेश की पत्रकारिता, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक सहभागिता से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी मुख्यमंत्री के साथ विचार-विमर्श हुआ। डॉ. जोशी ने कहा कि मध्य प्रदेश प्रेस क्लब का उद्देश्य केवल पत्रकारों के हितों तक सीमित न रहकर प्रदेश की कला, संस्कृति, साहित्य, लोक परंपराओं और सामाजिक सरोकारों को भी व्यापक मंच प्रदान करना है।
भेंट के दौरान मध्य प्रदेश प्रेस क्लब के सचिव महेंद्र शर्मा भी उपस्थित रहे। उन्होंने प्रस्तावित आयोजनों की तैयारियों और उनसे जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी साझा की।

