नोएडा। भारत सरकार के कपड़ा मंत्रालय ने अपैरल एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल (एईपीसी) के माध्यम से नोएडा में “टेक्सपोर्ट: अपैरल निर्यात को कैसे शुरू करें, बनाए रखें और बढ़ाएं” विषय पर एक क्षमता-निर्माण कार्यक्रम का आयोजन किया। यह कार्यक्रम मंत्रालय के राष्ट्रीय निर्यात निरंतरता कार्यक्रम का हिस्सा है। यह पहल देश भर में मौजूदा, नए और संभावित निर्यातकों की निर्यात तैयारियों को मजबूत करने और उनकी क्षमताओं का निर्माण करने के उद्देश्य से शुरू की गई है।
नोएडा में आयोजित यह कार्यक्रम कपड़ा मंत्रालय द्वारा शुरू की गई टेक्सपोर्ट प्रशिक्षण और क्षमता-निर्माण पहलों की श्रृंखला में दूसरा कार्यक्रम था। इससे पहले पहला कार्यक्रम गुजरात के सूरत में माटेक्सिल के सहयोग से आयोजित किया गया था। मंत्रालय देश भर के प्रमुख कपड़ा और परिधान क्लस्टरों में इस तरह के कई प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की प्रक्रिया में है, जिसका मुख्य ध्यान स्थान-विशेष और निर्यातक-विशेष की चुनौतियों का समाधान करने और समग्र निर्यात इकोसिस्टम (पारिस्थितिकी तंत्र) को मजबूत करने पर है।
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता कपड़ा मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुश्री अलकनंदा दयाल (आईएएस) ने की। कपड़ा मंत्रालय के व्यापार सलाहकार श्री ए. बिपिन मेनन (आईटीएस); एईपीसी के महानिदेशक श्री मिथलेश्वर ठाकुर; उत्तर प्रदेश सरकार के श्री शेषमणि पांडेय (आईएएस); निदेशक (व्यापार) श्री अमित कुमार (आईटीएस); और उप महानिदेशक (डीजीएफटी) श्री हेमंत कुमार भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए। इसके अलावा, परिधान उद्योग के प्रतिनिधियों, कोयंबटूर के सरदार वल्लभी भाई पटेल संस्थानों, राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान और अन्य प्रतिभागी संगठनों के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

