बेंगलुरु: ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म स्विगी (Swiggy) की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। बेंगलुरु होटल्स एसोसिएशन (BHA) ने कंपनी को चेतावनी दी है कि यदि लंबे समय से लंबित शिकायतों का समाधान नहीं किया गया, तो 15 अगस्त से शहर के कई होटल स्विगी के साथ अपना कारोबार बंद कर देंगे।
एसोसिएशन का आरोप है कि स्विगी की ओर से भुगतान में पारदर्शिता की कमी, बिना अनुमति विज्ञापन शुल्क की कटौती और अन्य अतिरिक्त चार्ज लगाए जा रहे हैं, जिससे होटल संचालकों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। BHA का कहना है कि कई मामलों में होटलों को ऑर्डर की वास्तविक राशि का 50 प्रतिशत से भी कम भुगतान मिल रहा है।
होटल मालिकों ने मांग की है कि कंपनी सभी शुल्कों का स्पष्ट विवरण दे, विज्ञापन सेवाओं के लिए पूर्व अनुमति अनिवार्य करे और विज्ञापन से बाहर निकलने के लिए ‘वन-क्लिक ऑप्ट-आउट’ सुविधा उपलब्ध कराए। इसके साथ ही जीएसटी और अन्य शुल्कों की पारदर्शी जानकारी भी उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
BHA ने कहा है कि स्विगी को समस्याओं के समाधान का अंतिम अवसर दिया गया है। यदि 15 अगस्त तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती, तो उससे जुड़े होटल प्लेटफॉर्म पर ऑर्डर स्वीकार करना बंद कर देंगे। फिलहाल इस मामले पर स्विगी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

