HomeState Newsबांकीपुर उपचुनाव में मतदान के बीच बवाल: BJP और जन सुराज समर्थकों...

बांकीपुर उपचुनाव में मतदान के बीच बवाल: BJP और जन सुराज समर्थकों में झड़प, बूथों पर बढ़ाई गई सुरक्षा

पटना: बिहार की बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के दौरान मतदान के बीच राजनीतिक माहौल उस समय गर्म हो गया, जब भारतीय जनता पार्टी (BJP) और जन सुराज के समर्थक कई मतदान केंद्रों पर आमने-सामने आ गए। किदवईपुरी और PNT कॉलोनी स्थित बूथों पर दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक, हंगामा और पुलिस की मौजूदगी में धक्का-मुक्की की घटनाएं सामने आईं। हालात को देखते हुए प्रशासन ने संबंधित बूथों पर सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता बढ़ा दी।

भाजपा सांसद रवि शंकर प्रसाद ने कहा, “मैं बांकीपुर का ही मतदाता रहा हूं। 20 साल से मैं इसी बूथ में अपने मतदान का प्रयोग करता हूं। आज अपने भाजपा-NDA के उम्मीदवार नीरज कुमार को वोट देकर मुझे बहुत ही प्रसन्नता हुई है… एक बात मैंने देखी है कि बांकीपुर की जनता का लगाव भाजपा के साथ वर्षों से है। जो काम नीतीश कुमार की सरकार के द्वारा, सम्राट चौधरी के द्वारा और नितिन नवीन के द्वारा और बतौर सांसद मेरे द्वारा यहां किया गया है, जनता ने उसे देखा है। विकास की उस प्रक्रिया को आगे बढ़ाएं, यही जनता का संकल्प है…”

किदवईपुरी में पुलिस के सामने हुई धक्का-मुक्की

किदवईपुरी इलाके के एक मतदान केंद्र पर दोनों दलों के समर्थकों के बीच तनाव उस समय बढ़ गया, जब वे आमने-सामने आ गए। विवाद बढ़ने पर पुलिस के सामने ही धक्का-मुक्की हुई। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को नियंत्रण में लिया।

जन सुराज ने भाजपा के पूर्व प्रत्याशी पर लगाए आरोप

जन सुराज के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा के पूर्व प्रत्याशी बंटी अपने समर्थकों के साथ बूथ पर मतदाताओं पर दबाव बना रहे थे। उनका दावा है कि कुछ मतदाताओं को मतदान से रोकने और चुनावी माहौल को प्रभावित करने का प्रयास किया गया।

PNT कॉलोनी में भी हुआ विरोध प्रदर्शन

PNT कॉलोनी स्थित मतदान केंद्र पर भी जन सुराज समर्थकों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग मतदाताओं को भाजपा के पक्ष में मतदान करने के लिए प्रभावित कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों ने ऐसे लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की।

बूथ संख्या 101 और 103 पर बढ़ा विवाद

बूथ संख्या 101 और 103 पर भी तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। जन सुराज समर्थकों का आरोप है कि भाजपा समर्थक मतदान प्रक्रिया में हस्तक्षेप कर रहे थे। हालांकि प्रशासन और पुलिस ने समय रहते मौके पर पहुंचकर स्थिति को सामान्य कर दिया।

भाजपा ने भी लगाया फर्जी मतदान का आरोप

दूसरी ओर भाजपा ने जन सुराज पर फर्जी मतदान कराने की कोशिश का आरोप लगाया है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री नितिन अभिषेक ने रिटर्निंग ऑफिसर को पत्र लिखकर मतदाताओं के पहचान सत्यापन को सख्ती से लागू करने की मांग की। पार्टी का कहना है कि निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक मतदाता का सही तरीके से सत्यापन आवश्यक है।

मतदान जारी, नेताओं ने किया मतदान

विवाद के बीच बांकीपुर विधानसभा सीट पर मतदान जारी रहा। नवादा सांसद विवेक ठाकुर ने अपने पिता डॉ. सी.पी. ठाकुर के साथ मतदान किया। वहीं जदयू विधायक श्याम रजक ने मतदान के बाद कहा कि बांकीपुर में चुनाव शांतिपूर्ण है और मुकाबला एकतरफा दिखाई दे रहा है।

प्रशासन ने कहा है कि सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा बल तैनात हैं और चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments