नई दिल्ली। देश की सबसे बड़ी और प्रीमियम सिनेमा प्रदर्शक कंपनी पीवीआर आईनॉक्स ने भारत में सिनेमा के विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए ‘पीवीआर आईनॉक्स स्मार्ट सिनेमाज’ का अनावरण किया है। कंपनी की यह नई पहल विशेष रूप से टियर-3 शहरों के दर्शकों को विश्वस्तरीय सिनेमाई अनुभव उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई है।
कंपनी के अनुसार, पीवीआर आईनॉक्स स्मार्ट सिनेमाज के माध्यम से अत्याधुनिक तकनीक, प्रीमियम सुविधाओं और पूंजी-कुशल विस्तार मॉडल को एक साथ जोड़ा गया है, ताकि तेजी से विकसित हो रहे छोटे शहरों में भी आधुनिक मल्टीप्लेक्स संस्कृति का विस्तार किया जा सके।
मुजफ्फरपुर से होगी नई शुरुआत
इस महत्वाकांक्षी परियोजना की शुरुआत उत्तर बिहार के प्रमुख शहर मुजफ्फरपुर से की जा रही है। तेजी से विकसित हो रहे इस शहर को कंपनी ने अपने पहले स्मार्ट सिनेमाज केंद्र के रूप में चुना है। कंपनी का मानना है कि मुजफ्फरपुर जैसे उभरते शहरों में प्रीमियम मनोरंजन की मांग लगातार बढ़ रही है।
एफओसीओ मॉडल पर होगा विस्तार
पीवीआर आईनॉक्स इस नई अवधारणा को मुख्य रूप से एफओसीओ (Franchise Owned, Company Operated) मॉडल के तहत विकसित करेगा। इस मॉडल में स्थानीय डेवलपर्स और उद्यमियों के साथ साझेदारी कर कंपनी देशभर में तेजी से नए सिनेमा केंद्र स्थापित करेगी, जबकि संचालन की जिम्मेदारी पीवीआर आईनॉक्स के पास रहेगी।
अगले नौ महीनों में छह नए प्रोजेक्ट
कंपनी ने बताया कि अगले नौ महीनों के भीतर छह अतिरिक्त स्मार्ट सिनेमाज परियोजनाओं पर पहले ही हस्ताक्षर किए जा चुके हैं। इसके अलावा देश के कई अन्य उभरते शहरों में भी डेवलपर्स के साथ नए प्रोजेक्ट्स को लेकर बातचीत जारी है।
आधुनिक तकनीक और प्रीमियम सुविधाएं
पीवीआर आईनॉक्स स्मार्ट सिनेमाज में दर्शकों को कई आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी, जिनमें शामिल हैं—
- 2K लेजर प्रोजेक्शन
- इमर्सिव 7.1 सराउंड साउंड
- आधुनिक एवं स्वच्छ ऑडिटोरियम
- बेहतर फूड एवं बेवरेज विकल्प
- सुरक्षित और आरामदायक सिनेमाघर का वातावरण
इन सभी सुविधाओं को स्थानीय बाजारों की जरूरतों और बजट को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है।
सिनेमा के भविष्य पर हुआ विशेष संवाद
इस अवसर पर आयोजित नेतृत्व संवाद में पीवीआर आईनॉक्स के प्रबंध निदेशक अजय बिजली, कार्यकारी निदेशक संजीव कुमार बिजली, स्मार्ट सिनेमाज के मुख्य रणनीतिक सलाहकार एवं सीईओ रेनॉ पेलिएर, मुख्य विकास अधिकारी मनीष गौर तथा मुजफ्फरपुर के आइकॉन प्लाजा मॉल के निदेशक अमर नाथ पांडेय और राघव पांडेय ने भाग लिया।
क्या बोले अजय बिजली
पीवीआर आईनॉक्स के प्रबंध निदेशक अजय बिजली ने कहा कि पिछले तीन दशकों में कंपनी ने भारत में सिनेमा देखने के अनुभव को नई पहचान दी है। अब स्मार्ट सिनेमाज के माध्यम से वही विश्वस्तरीय अनुभव देश के तेजी से विकसित हो रहे टियर-3 शहरों तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बढ़ती आकांक्षाओं के साथ अब छोटे शहरों के दर्शक भी महानगरों जैसी सुविधाएं चाहते हैं और कंपनी का उद्देश्य इन अनुभवों को अधिक सुलभ बनाना है।
रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा
कंपनी का कहना है कि इस नई पहल से न केवल आधुनिक मनोरंजन सुविधाओं का विस्तार होगा, बल्कि प्रत्यक्ष रोजगार के नए अवसर, स्थानीय स्तर पर कर राजस्व में वृद्धि, संगठित मनोरंजन अवसंरचना का विकास तथा रिटेल इकोसिस्टम को भी मजबूती मिलेगी।
पीवीआर आईनॉक्स का मानना है कि स्मार्ट सिनेमाज भारत के उभरते शहरों में विश्वस्तरीय सिनेमा अनुभव पहुंचाने के साथ-साथ देश में सिनेमा उद्योग के विकास का एक नया अध्याय साबित होगा।

