सरकारी सूत्रों ने सुरक्षा पर जताई गंभीर चिंता, पड़ोसी देशों के उदाहरण देकर राजनीतिक दलों से संयम बरतने की अपील
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधिकारिक आवास के बाहर कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। सरकारी सूत्रों ने इस प्रदर्शन को सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर चिंता का विषय बताते हुए कहा है कि इस प्रकार की राजनीति लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप नहीं है और इससे भविष्य के लिए एक गलत एवं खतरनाक परंपरा स्थापित हो सकती है।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री देश के सर्वोच्च निर्वाचित जनप्रतिनिधि हैं और उनके आधिकारिक आवास की सुरक्षा राष्ट्रीय महत्व का विषय है। ऐसे में किसी भी राजनीतिक दल द्वारा प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन करना केवल राजनीतिक विरोध नहीं, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था के लिए भी चुनौती उत्पन्न कर सकता है।
सूत्रों ने कहा कि “कांग्रेस ने प्रधानमंत्री के आवास के बाहर प्रदर्शन कर एक अत्यंत गलत और खतरनाक मिसाल पेश की है। यह न केवल सुरक्षा के लिहाज से चिंता का विषय है, बल्कि इस तरह का दुर्भावनापूर्ण व्यवहार परिपक्व लोकतंत्रों में देखने को नहीं मिलता।”
पड़ोसी देशों के घटनाक्रम का दिया हवाला
सरकारी सूत्रों ने पड़ोसी देशों में हुई उन घटनाओं का भी उल्लेख किया, जहां राजनीतिक विरोध धीरे-धीरे नेताओं के निजी और आधिकारिक आवासों तक पहुंच गया और बाद में स्थिति हिंसक रूप ले बैठी। सूत्रों ने कहा कि भारत जैसे लोकतांत्रिक देश में ऐसी परंपरा को बढ़ावा नहीं दिया जाना चाहिए।
उन्होंने राजनीतिक दलों से संयम बरतने की अपील करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक विरोध के लिए संसद, सार्वजनिक स्थल और निर्धारित मंच उपलब्ध हैं, लेकिन संवैधानिक पदों पर बैठे व्यक्तियों के आवासों को विरोध का केंद्र बनाना उचित नहीं माना जा सकता।
कांग्रेस ने सरकार के सामने रखीं पांच प्रमुख मांगें
दूसरी ओर, कांग्रेस ने अपने प्रदर्शन को छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर लोकतांत्रिक विरोध बताया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, केंद्र सरकार के समक्ष पांच प्रमुख मांगें रखी गई हैं—
केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग।
केंद्रीय गृह मंत्री द्वारा दोनों सदनों में पूरे मामले पर बयान देने की मांग।
संसद में पूरे प्रकरण पर विस्तृत चर्चा कराए जाने की मांग।
छात्रों से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से सुनकर उनका समाधान करने की मांग।
प्रदर्शन के दौरान हुई कथित हिंसा और पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच की मांग।
राजनीतिक टकराव तेज होने के आसार
संसद के मानसून सत्र के बीच इस घटनाक्रम ने सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच राजनीतिक टकराव को और तेज कर दिया है। जहां सरकार सुरक्षा और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का हवाला देकर कांग्रेस के प्रदर्शन पर सवाल उठा रही है, वहीं कांग्रेस इसे जनता और छात्रों के मुद्दों पर लोकतांत्रिक विरोध का अधिकार बता रही है। माना जा रहा है कि यह मुद्दा आने वाले दिनों में संसद के भीतर और बाहर राजनीतिक बहस का प्रमुख विषय बना रह सकता है।

