पटना: बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव की मतगणना जारी है। एएन कॉलेज में सोमवार सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू हुई। शुरुआती रुझानों में जनसुराज पार्टी के उम्मीदवार प्रशांत किशोर लगातार बढ़त बनाए हुए हैं, जबकि भाजपा के उम्मीदवार नीरज सिन्हा दूसरे स्थान पर चल रहे हैं।
पांचवें राउंड की मतगणना पूरी होने के बाद प्रशांत किशोर ने अपनी बढ़त और मजबूत कर ली है। उन्हें अब तक 8,971 वोट प्राप्त हुए हैं, जबकि भाजपा के नीरज सिन्हा को 6,652 वोट मिले हैं। इस तरह प्रशांत किशोर 2,319 वोटों की बढ़त के साथ आगे चल रहे हैं।
वहीं, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की उम्मीदवार रेखा गुप्ता को अब तक 1,534 वोट मिले हैं। शुरुआती चरणों में हजार वोट का आंकड़ा पार करने के बावजूद वह मुकाबले में तीसरे स्थान पर बनी हुई हैं।
बांकीपुर उपचुनाव में भाजपा के नीरज सिन्हा, जनसुराज के प्रशांत किशोर और राजद की रेखा गुप्ता सहित कुल 25 उम्मीदवार मैदान में हैं। मतगणना के आगे बढ़ने के साथ अंतिम परिणाम पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। फिलहाल उपलब्ध रुझानों के अनुसार मुकाबला मुख्य रूप से प्रशांत किशोर और भाजपा के नीरज सिन्हा के बीच सिमटता नजर आ रहा है।

