ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच अब शांति की दिशा में कूटनीतिक कोशिशें तेज हो गई हैं। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में इस मुद्दे को लेकर महत्वपूर्ण बातचीत देखने को मिली।
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने पाकिस्तान पहुंचकर प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात की, जिसमें क्षेत्र में स्थायी शांति स्थापित करने पर चर्चा हुई।इस बैठक में अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के साथ विशेष दूत भी शामिल रहे। दोनों पक्षों ने बातचीत को सकारात्मक और रचनात्मक बताया। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई कि यह पहल क्षेत्र में शांति बहाल करने की दिशा में एक अहम कदम साबित हो सकती है।
पाकिस्तान ने एक बार फिर यह स्पष्ट किया कि वह ईरान और अमेरिका के बीच संवाद को आगे बढ़ाने में सहयोग करता रहेगा और किसी स्थायी समाधान तक पहुंचने में अपनी भूमिका निभाएगा। इस दौरान पाकिस्तान के वरिष्ठ मंत्री और अधिकारी भी बैठक में मौजूद रहे।यह कूटनीतिक गतिविधि ऐसे समय में हो रही है जब ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच जारी संघर्ष पर फिलहाल दो सप्ताह का अस्थायी विराम लगा हुआ है।
यह संघर्ष फरवरी के अंत में शुरू हुआ था और इसका असर पूरे मध्य पूर्व के साथ-साथ वैश्विक अर्थव्यवस्था पर भी पड़ा है।हाल ही में पाकिस्तान की मध्यस्थता से युद्धविराम लागू हुआ, जिसके बाद अब बातचीत के जरिए समाधान निकालने की कोशिशें तेज हो गई हैं। अमेरिकी उपराष्ट्रपति के इस दौरे को इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

