बांग्लादेश में 13वीं जातीय संसद के चुनावों के शुरुआती रुझान सामने आ चुके हैं और राजनीतिक परिदृश्य तेजी से बदलता दिखाई दे रहा है। यह चुनाव 2024 में सरकार परिवर्तन के बाद देश का पहला बड़ा आम चुनाव है, इसलिए इसे बेहद अहम माना जा रहा है।तारिक रहमान, जो बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के प्रमुख हैं, लंबे अंतराल के बाद सक्रिय राजनीति में वापसी करते हुए दो सीटों—ढाका-17 और बोगुरा-6—से चुनाव मैदान में उतरे। अनौपचारिक नतीजों के अनुसार उन्होंने दोनों सीटों पर बढ़त हासिल की है। ढाका-17, जिसमें गुलशन, बारिदारा, बनानी और कैंटनमेंट जैसे इलाके शामिल हैं, वहां उन्होंने जमात-ए-इस्लामी के उम्मीदवार को उल्लेखनीय अंतर से पीछे छोड़ा। इसी तरह बोगुरा-6 सीट पर भी वे प्रतिद्वंद्वी पर मजबूत बढ़त बनाए हुए हैं।
क्या कहती है रिपोर्ट्स?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, बोगुरा जिले की अन्य सीटों पर भी BNP के उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। कुल 299 सीटों पर मतदान हुआ (एक सीट पर चुनाव रद्द हुआ) और लगभग 48 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। कुछ प्रारंभिक रुझानों में BNP को 50 से अधिक सीटों पर बढ़त बताई गई है, जबकि जमात-ए-इस्लामी करीब 18 सीटों पर आगे बताई जा रही है। अंतिम आधिकारिक परिणाम चुनाव आयोग द्वारा जारी किए जाने बाकी हैं।यह चुनाव ऐसे समय में हुआ जब अवामी लीग, जिसका नेतृत्व पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना करती थीं, चुनावी प्रक्रिया से बाहर है और उसका पंजीकरण निलंबित बताया जा रहा है। ऐसे में मुख्य मुकाबला BNP और जमात-ए-इस्लामी के बीच रहा।तारिक रहमान ने मतदान के बाद कहा कि देश के नागरिक लंबे समय से इस राजनीतिक परिवर्तन की प्रतीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कानून-व्यवस्था को मजबूत करने का आश्वासन भी दिया। उल्लेखनीय है कि वे 2008 से लंदन में रह रहे थे और दिसंबर 2025 में अपनी मां एवं पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के निधन के बाद देश लौटे।इन चुनावों के साथ “जुलाई नेशनल चार्टर” पर जनमत संग्रह भी कराया गया, जिसके परिणाम नई सरकार को संवैधानिक बदलावों का अधिकार दे सकते हैं। अंतरराष्ट्रीय पर्यवेक्षकों ने चुनाव प्रक्रिया को सामान्यतः स्वतंत्र और निष्पक्ष बताया है, हालांकि कुछ स्थानों पर छिटपुट घटनाओं की खबरें भी सामने आई हैं।आधिकारिक नतीजों की घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगा कि सरकार गठन की दिशा क्या होगी, लेकिन शुरुआती संकेतों से BNP मजबूत स्थिति में दिखाई दे रही है।

