मुंबई: रॉकिंग स्टार यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स’ को लेकर दर्शकों का इंतजार अब अपने सबसे अहम पड़ाव पर पहुंच गया है। फिल्म के निर्माताओं ने एक नया रहस्यमयी पोस्टर जारी करते हुए घोषणा की है कि फिल्म का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर 8 अगस्त 2026 को रिलीज किया जाएगा। पोस्टर सामने आते ही सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर उत्साह और चर्चाएं तेज हो गई हैं।
‘राया’ की रहस्यमयी झलक ने बढ़ाई उत्सुकता
जारी किए गए नए पोस्टर में यश के किरदार ‘राया’ की सिल्हूट दिखाई गई है। उनके हाथ में नजर आ रही टॉमी गन फिल्म की डार्क, रॉ और एक्शन से भरपूर दुनिया की ओर इशारा करती है। हालांकि, मेकर्स ने इस बार भी कहानी से जुड़ा कोई बड़ा खुलासा नहीं किया है। इसके बजाय रहस्य को और गहरा करते हुए दर्शकों की उत्सुकता बनाए रखी है।
बेंगलुरु में होगा भव्य ट्रेलर लॉन्च
फिल्म का ट्रेलर 8 अगस्त को बेंगलुरु में एक भव्य कार्यक्रम के दौरान लॉन्च किया जाएगा। यह दिन कई मायनों में खास माना जा रहा है। बेंगलुरु यश और केवीएन प्रोडक्शंस का होम स्टेट है, वहीं इसी दिन फिल्म की शूटिंग शुरू हुए पूरे दो वर्ष भी पूरे हो जाएंगे।
रहस्य और भव्यता का अनोखा मेल
अब तक जारी पोस्टर और टीज़र ने फिल्म की दुनिया को लेकर दर्शकों की उत्सुकता लगातार बढ़ाई है। शानदार विजुअल्स, रहस्यमयी माहौल और यश का दमदार अंदाज फिल्म को लेकर जबरदस्त चर्चा का विषय बना हुआ है। माना जा रहा है कि ट्रेलर में पहली बार ‘राया’ के किरदार, कहानी और फिल्म के विशाल सिनेमाई पैमाने की विस्तृत झलक देखने को मिलेगी।
दमदार स्टारकास्ट के साथ बड़े पर्दे पर आएगी ‘टॉक्सिक’
राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी इस फिल्म में यश के साथ नयनतारा, कियारा आडवाणी, तारा सुतारिया, रुक्मिणी वसंत और हुमा कुरैशी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी।
फिल्म को कन्नड़ और अंग्रेज़ी में एक साथ शूट किया गया है, जबकि इसे हिंदी, तमिल, तेलुगु और मलयालम सहित कई भाषाओं में रिलीज किया जाएगा।
26 अगस्त को सिनेमाघरों में दस्तक
केवीएन प्रोडक्शंस और मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के बैनर तले बनी ‘टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स’ दुनिया भर के सिनेमाघरों में 26 अगस्त 2026 को रिलीज होगी।
अब फिल्म प्रेमियों की निगाहें 8 अगस्त पर टिकी हैं, जब ट्रेलर रिलीज के साथ यह साफ होगा कि अब तक रहस्य में लिपटी ‘टॉक्सिक’ की दुनिया दर्शकों की उम्मीदों पर कितनी खरी उतरती है।

