4 अगस्त 2026 को एयर इंडिया के एक एयरबस ए320 विमान से जुड़ी उड़ान के दौरान अचानक ऊंचाई में बदलाव की घटना सामने आई है। फुकेट से दिल्ली के लिए निर्धारित एआई 2379 उड़ान का संचालन कर रहे विमान की क्रूज़ अवस्था के दौरान ऊंचाई में अचानक लगभग 300 फुट का परिवर्तन हुआ। इसके बाद विमान स्थिर हो गया और दिल्ली में सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। इस घटना में 20 यात्रियों और चार केबिन क्रू सदस्यों के घायल होने की सूचना है। विमान में तीन शिशुओं सहित कुल 137 यात्री सवार थे। इसके अलावा दो पायलट और छह केबिन क्रू सदस्यों समेत कुल 8 चालक दल के सदस्य विमान में मौजूद थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो यानी एएआईबी ने जांच शुरू कर दी है। जांच लागू नियमों और अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन यानी आईसीएओ के निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत की जा रही है।इस जांच में फ्रांस की विमान दुर्घटना जांच एजेंसी बीईए और विमान निर्माता एयरबस के तकनीकी प्रतिनिधि भी एएआईबी को आवश्यक तकनीकी सहायता प्रदान कर रहे हैं। एएआईबी विमान और उसकी प्रणालियों की जांच के साथ-साथ उड़ान के दौरान दर्ज आंकड़ों, परिचालन और अनुरक्षण रिकॉर्ड, चिकित्सीय जानकारी तथा संबंधित लोगों के बयानों का भी परीक्षण कर रहा है। जांच एजेंसी का कहना है कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी भौतिक और अन्य साक्ष्यों की व्यापक जांच की जाएगी।
ये है फुकेट से दिल्ली के लिए निर्धारित एआई 2379 उड़ान की सच्चाई
RELATED ARTICLES

