नई दिल्ली: नई दिल्ली स्थित आवास पर छत्तीसगढ़ के सांसद साथियों के साथ हमर लोकपर्व ‘हरेली तिहार’ पूरे विधि-विधान, श्रद्धा और आत्मीयता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विधिवत पूजा-अर्चना कर अन्नदाता किसानों की सुख-समृद्धि, अच्छी फसल और छत्तीसगढ़ की निरंतर खुशहाली की कामना की गई।

हरेली छत्तीसगढ़ की माटी, किसान, प्रकृति और समृद्ध लोकसंस्कृति से गहराई से जुड़ा पर्व है। पारंपरिक गेड़ी का आनंद लेते हुए बचपन की यादें भी ताजा हुईं। दिल्ली में रहते हुए भी इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के गांव, गलियां और खेत-खलिहान यादों में जीवंत हो उठे।

कार्यक्रम में बृजमोहन अग्रवाल, रूपकुमारी चौधरी, कमलेश जांगड़े, भोजराज नाग, देवेंद्र बहादुर सिंह, लक्ष्मी वर्मा और फूलोदेवी नेताम सहित छत्तीसगढ़ के सांसद साथी उपस्थित रहे। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ की धरती के सदैव हरी-भरी रहने, किसानों के समृद्ध होने और प्रदेश के विकास एवं खुशहाली की नई ऊंचाइयों को छूने की कामना की गई। सभी को हरेली तिहार की गाड़ा-गाड़ा बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।

