नई दिल्ली। देशभर में वित्तीय सुरक्षा और बीमा सेवाओं की पहुंच बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस ने जेएंडके बैंक के साथ रणनीतिक कॉर्पोरेट एजेंसी साझेदारी की घोषणा की है। इस सहयोग के तहत अब ग्राहक जेएंडके बैंक की देशभर में फैली 1,000 से अधिक शाखाओं के माध्यम से एसबीआई लाइफ के विभिन्न जीवन बीमा उत्पादों का लाभ उठा सकेंगे।
इस साझेदारी के माध्यम से ग्राहकों को सुरक्षा (प्रोटेक्शन), बचत (सेविंग्स), रिटायरमेंट और बच्चों के भविष्य से जुड़े बीमा योजनाओं की विस्तृत श्रृंखला एक ही स्थान पर उपलब्ध होगी। इससे विशेष रूप से जम्मू-कश्मीर और लद्दाख सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों के परिवारों के लिए वित्तीय सुरक्षा और दीर्घकालिक आर्थिक योजना बनाना पहले से अधिक आसान हो जाएगा।
कॉर्पोरेट एजेंसी समझौते पर एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस की ओर से चंडीगढ़ क्षेत्र के इंस्टीट्यूशनल अलायंस के रीजनल मैनेजर बुद्धदित्य बनर्जी तथा जेएंडके बैंक की ओर से क्रॉस सेलिंग के डीजीएम मसूद अहमद लंकर ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर एसबीआई लाइफ के बिजनेस स्ट्रैटेजी प्रेसिडेंट संतोष चाको तथा जेएंडके बैंक की जीएम (डीएसी एवं क्रॉस सेलिंग) अनीता नेहरू भी उपस्थित रहीं।
एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमित झिंगरन ने कहा कि कंपनी का उद्देश्य परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें भविष्य की चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना करने के लिए तैयार करना है। उन्होंने कहा कि जेएंडके बैंक के साथ यह साझेदारी जीवन बीमा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और देश में वित्तीय सुरक्षा की संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने कहा कि जीवन बीमा केवल एक वित्तीय उत्पाद नहीं, बल्कि परिवारों की आर्थिक स्थिरता और भविष्य की सुरक्षा का मजबूत आधार है। यह सहयोग ‘2047 तक सभी के लिए बीमा’ के राष्ट्रीय लक्ष्य को साकार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
जेएंडके बैंक के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ अमिताभ चटर्जी ने कहा कि बैंक की प्राथमिकता ग्राहकों को उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण वित्तीय सेवाएं उपलब्ध कराना है। एसबीआई लाइफ के जुड़ने से ग्राहकों को उनकी जरूरतों के अनुसार प्रतिस्पर्धी और व्यापक जीवन बीमा समाधान उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि यह सहयोग दोनों संस्थानों की विश्वसनीयता और ग्राहक-केंद्रित दृष्टिकोण को और मजबूत करेगा।
एसबीआई लाइफ के बिजनेस स्ट्रैटेजी प्रेसिडेंट संतोष चाको ने कहा कि जीवन बीमा का मूल उद्देश्य परिवारों को आर्थिक सम्मान और सुरक्षा प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि कंपनी चाहती है कि लोग जीवन बीमा को केवल एक उत्पाद नहीं, बल्कि जिम्मेदार वित्तीय योजना का महत्वपूर्ण स्तंभ मानें। यह पहल कंपनी के ‘अपने लिए, अपनों के लिए’ के सिद्धांत को भी मजबूत करती है।
यह साझेदारी भारतीय बीमा विनियामक एवं विकास प्राधिकरण (आईआरडीएआई) के ‘2047 तक सभी के लिए बीमा’ के विजन के अनुरूप वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देगी। साथ ही, इसका उद्देश्य बीमा सेवाओं की पहुंच बढ़ाना, वित्तीय साक्षरता को मजबूत करना और अधिक से अधिक परिवारों को भविष्य के लिए आर्थिक रूप से सुरक्षित बनाना है।

