मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता राघव जुयाल ने अपनी आगामी फिल्म ‘किंग’ में निभाए जा रहे किरदार को लेकर सोशल मीडिया और मीडिया रिपोर्ट्स में चल रही अटकलों को खारिज कर दिया है। एक इंटरव्यू में उन्होंने स्पष्ट कहा कि उनके किरदार को लेकर जो दावे किए जा रहे हैं, वे पूरी तरह गलत हैं और फिल्म की कहानी इन अफवाहों से बिल्कुल अलग है।
राघव जुयाल ने कहा, “ये बिल्कुल, सरासर झूठ है। ऐसा कुछ भी नहीं है। फिल्म की कहानी बिल्कुल अलग है और इसका प्लॉट काफी यूनिक है।”
उन्होंने दर्शकों से अपील करते हुए कहा कि उनके किरदार के बारे में सही जानकारी फिल्म रिलीज होने के बाद ही सामने आएगी। उन्होंने कहा, “जब आप फिल्म देखेंगे, तभी आपको पता चलेगा कि मेरा किरदार क्या है और क्या नहीं।”
यंग विलेन वाली खबरों को बताया गलत
हाल ही में कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि राघव जुयाल फिल्म में जैकी श्रॉफ के बेटे की भूमिका निभा रहे हैं और वही फिल्म के मुख्य खलनायक होंगे, जिनका सामना शाहरुख खान के किरदार के युवा संस्करण से होगा। हालांकि राघव ने इन सभी खबरों को पूरी तरह निराधार बताते हुए खारिज कर दिया।
लुक होगा बिल्कुल अलग
राघव ने फिल्म के निर्देशक सिद्धार्थ आनंद की तारीफ करते हुए कहा कि वह इस फिल्म को बेहद अलग अंदाज में बना रहे हैं।
उन्होंने कहा, “यह बहुत यूनिक फिल्म है। सिद्धार्थ सर इसे जिस तरह शूट कर रहे हैं, वह काफी अलग है। मेरा लुक भी मेरी बाकी फिल्मों से बिल्कुल अलग होगा।”
हालांकि उन्होंने अपने किरदार और कहानी से जुड़ी अन्य जानकारियां साझा करने से परहेज किया।
24 दिसंबर 2026 को रिलीज होगी ‘किंग’
सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही ‘किंग’ में शाहरुख खान, सुहाना खान, राघव जुयाल, अभिषेक बच्चन, दीपिका पादुकोण, रानी मुखर्जी, जयदीप अहलावत और जैकी श्रॉफ अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह बहुप्रतीक्षित फिल्म 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

