मेरठ। अखिल भारतीय सी.जी.एच.एस. कर्मचारी संघ (AICGHSEA) की केंद्रीय कार्यकारिणी (CWC) की दो दिवसीय बैठक के दूसरे दिन कर्मचारी हितों से जुड़े कई लंबित मुद्दों पर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वप्निल शिंदे की अध्यक्षता और राष्ट्रीय महासचिव शशिकान्त शर्मा की अगुवाई में अपर निदेशक, CGHS मेरठ डॉ. मनीषा मित्तल के साथ हुई आधिकारिक बैठक में विभिन्न प्रशासनिक एवं संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक सुबह 11 बजे शुरू होकर शाम 4 बजे तक चली। इस दौरान कई दौर की वार्ता हुई। बैठक में मेरठ शाखा के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ फार्मासिस्ट नीरज पाल सिंह, महासचिव सचिन तोमर सहित राष्ट्रीय एवं CWC के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
लंबित मामलों पर लिए गए अहम फैसले
संघ के अनुसार, बैठक में लंबे समय से लंबित कई मामलों के समाधान को लेकर ठोस निर्णय लिए गए। इनमें प्रमुख रूप से—
- नीरज पाल सिंह, वरिष्ठ फार्मासिस्ट एवं अध्यक्ष, मेरठ शाखा का स्थानांतरण 15 दिनों के भीतर अपर निदेशक कार्यालय में किया जाएगा।
- सचिन तोमर, महासचिव, मेरठ शाखा का वेतन जारी करने तथा उन्हें अपर निदेशक कार्यालय में पदस्थापित करने का निर्णय लिया गया।
- तरुण कुमार, JHAA का स्थानांतरण पूर्व में ही मकरखेड़ा किया जा चुका है।
- कर्मचारियों की Service Confirmation/Probation प्रक्रिया आगामी माह के अंत तक पूरी की जाएगी।
- विभिन्न CGHS डिस्पेंसरियों का निरीक्षण कर वहां एयर कंडीशनर (AC) उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी।
- सिविल लाइंस डिस्पेंसरी में फार्मासिस्ट की एक अतिरिक्त पोस्ट उपलब्ध कराई जाएगी।
- कर्मचारियों से संबंधित कार्यालय आदेश जारी होने पर इसकी सूचना AICGHSEA मेरठ शाखा को दी जाएगी।
संघ के मुताबिक, बैठक में लिए गए निर्णयों को आधिकारिक Minutes of Meeting में दर्ज किया गया है, जिसे अपर निदेशक, CGHS मेरठ डॉ. मनीषा मित्तल की ओर से जारी किया गया।
संगठनात्मक अधिकारों और कर्मचारी हितों पर जोर
बैठक के दौरान राष्ट्रीय महासचिव शशिकान्त शर्मा ने संघ पदाधिकारियों से जुड़े मामलों और संगठनात्मक अधिकारों को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि संघ द्वारा Recognition of Service Associations (RSA) Rules, 1993 के प्रावधानों के अनुरूप कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों के संगठनात्मक दायित्वों से जुड़े मामलों को लगातार प्रशासन के समक्ष रखा जाता रहा है।
शर्मा ने कहा कि संगठन का उद्देश्य प्रशासन से टकराव नहीं, बल्कि नियमों के अनुरूप संघ की मान्यता, पदाधिकारियों के संगठनात्मक दायित्वों और कर्मचारी हितों का संरक्षण सुनिश्चित करना है।
शिलॉन्ग और अहमदाबाद के मामलों पर भी नजर
राष्ट्रीय महासचिव ने बताया कि शिलॉन्ग और अहमदाबाद में संघ पदाधिकारियों की पोस्टिंग से जुड़े मामले भी संगठन के संज्ञान में हैं। उन्होंने कहा कि इन मामलों में भी नियमों एवं संगठनात्मक हितों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई की अपेक्षा है।
बैठक के बाद CWC की आंतरिक बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठन के अन्य लंबित मुद्दों और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
AICGHSEA के राष्ट्रीय नेतृत्व ने मेरठ शाखा के अध्यक्ष नीरज पाल सिंह, महासचिव सचिन तोमर सहित शाखा पदाधिकारियों और CWC के सभी सदस्यों के सहयोग एवं सक्रिय सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया।

