गर्मी का मौसम आते ही हर कोई ऐसे कपड़ों की तलाश में रहता है जो आरामदायक होने के साथ-साथ स्टाइलिश भी दिखें। सही फैशन चुनकर आप तेज धूप और उमस में भी खुद को कूल और फ्रेश महसूस कर सकते हैं। गर्मियों में कपड़ों का चुनाव करते समय फैशन के साथ आराम का ध्यान रखना बेहद जरूरी है।
गर्मियों के लिए ऐसे कपड़े चुनें जो पसीना आसानी से सोख लें और शरीर से चिपकें नहीं। सूती यानी कॉटन के कपड़े इस मौसम के लिए सबसे बेहतर माने जाते हैं। इसके अलावा रेयान, खादी और लिनेन जैसे फैब्रिक भी गर्मी में आरामदायक महसूस कराते हैं। ये कपड़े हवा का संचार बनाए रखते हैं, जिससे शरीर को ठंडक मिलती है।
इस मौसम में ढीले और खुले कपड़ों का चयन करना चाहिए। ओवरसाइज टी-शर्ट, कुर्ते, फ्लोई ड्रेसेज़ और पलाज़ो जैसे आउटफिट्स न सिर्फ आराम देते हैं बल्कि ट्रेंडी लुक भी प्रदान करते हैं। वहीं फ्लोरल और प्रिंटेड डिज़ाइन गर्मियों के फैशन में हमेशा पसंद किए जाते हैं। रंग-बिरंगे और हल्के प्रिंट्स आपका लुक फ्रेश और आकर्षक बनाते हैं।

हल्के रंगों के कपड़े जैसे सफेद, आसमानी, हल्का गुलाबी, पीला और मिंट ग्रीन आंखों को सुकून देते हैं और धूप की गर्मी को कम महसूस कराते हैं। ये रंग गर्मियों में कूल लुक देने के साथ-साथ शरीर को भी ठंडा रखते हैं।
डेनिम भी गर्मियों के लिए एक अच्छा विकल्प है। इसका फैब्रिक थोड़ा मोटा होता है, लेकिन कॉटन होने के कारण यह काफी हद तक आरामदायक रहता है। जींस या डेनिम शर्ट्स कैजुअल और स्टाइलिश लुक देने में मदद करते हैं।
अगर आप इस गर्मी में फैशनेबल दिखने के साथ आराम भी चाहते हैं, तो सही फैब्रिक, हल्के रंग और ढीले कपड़ों को अपनी वार्डरोब का हिस्सा जरूर बनाएं।

