नई दिल्ली। अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भारती एयरटेल ने यात्रा मार्ग पर अपने मोबाइल नेटवर्क का विस्तार करने की घोषणा की है। इस पहल के तहत तीर्थयात्रियों, सुरक्षाबलों और स्थानीय प्रशासन के लिए संचार सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाया गया है, जिससे यात्रा के दौरान निर्बाध कनेक्टिविटी सुनिश्चित की जा सके।
एयरटेल ने अपनी मौजूदा बालटाल नेटवर्क सुविधा के अलावा अब चंदनवाड़ी, पिस्सू टॉप और बेताब घाटी में भी नई नेटवर्क साइट्स स्थापित की हैं। इससे अमरनाथ गुफा मंदिर तक जाने वाले प्रमुख पहलगाम मार्ग पर भी बेहतर मोबाइल नेटवर्क और डेटा कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी।
आपातकालीन संचार को मिलेगा मजबूती
कंपनी के अनुसार, यात्रा अवधि के दौरान संचार व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए यह नेटवर्क विस्तार संबंधित सरकारी एजेंसियों और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर किया गया है। विस्तारित नेटवर्क से श्रद्धालुओं को विश्वसनीय वॉयस और हाई-स्पीड डेटा सेवाएं मिलेंगी, वहीं आपातकालीन संचार व्यवस्था भी अधिक प्रभावी होगी।
एयरटेल ने जताई प्रतिबद्धता
जम्मू-कश्मीर में भारती एयरटेल के मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ) विक्रम आरएस ने कहा कि एयरटेल चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों में भी लोगों, समुदायों और आवश्यक सेवाओं को जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि अमरनाथ यात्रा के लिए पहलगाम और बालटाल दोनों मार्गों पर नेटवर्क विस्तार जम्मू-कश्मीर में कंपनी के निरंतर निवेश और श्रद्धालुओं, सुरक्षा बलों तथा प्रशासन को विश्वसनीय कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
डिजिटल कनेक्टिविटी को मिल रही नई मजबूती
एयरटेल का कहना है कि दुर्गम और कठिन भौगोलिक क्षेत्रों में भी नेटवर्क विस्तार की यह पहल भारत में डिजिटल कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने की दिशा में उसके निरंतर प्रयासों का हिस्सा है। कंपनी का उद्देश्य देश के दूरस्थ क्षेत्रों तक बेहतर मोबाइल सेवाएं पहुंचाकर डिजिटल परिवर्तन को गति देना और महत्वपूर्ण अवसरों पर निर्बाध संचार सुनिश्चित करना है।

