HomeState Newsइंदौर आज रचेगा स्वच्छता का नया इतिहास, 5 लाख 'सेग्रीगेशन सेल्फी' से...

इंदौर आज रचेगा स्वच्छता का नया इतिहास, 5 लाख ‘सेग्रीगेशन सेल्फी’ से बनेगा विश्व रिकॉर्ड

इंदौर: देश का सबसे स्वच्छ शहर इंदौर गुरुवार को स्वच्छता के क्षेत्र में एक और नया इतिहास रचने जा रहा है। भारत सरकार के ‘सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ’ अभियान के तहत इंदौर नगर निगम ने 5 लाख ‘सेग्रीगेशन सेल्फी’ लेने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस अनूठे अभियान के माध्यम से शहर स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण (Segregation) को बढ़ावा देने के साथ-साथ विश्व रिकॉर्ड बनाने की दिशा में कदम बढ़ाएगा।

महापौर पुष्यमित्र भार्गव के नेतृत्व में यह विशेष अभियान शहर के सभी 85 वार्डों में एक साथ चलाया जाएगा। इसमें नागरिकों के अलावा सफाई मित्र, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहन चालक एवं हेल्पर, स्वच्छता सहयोगी, स्वयंसेवी संस्थाएं, स्कूल-कॉलेज, व्यापारी संगठन और रहवासी संघ भी सक्रिय रूप से भाग लेंगे।

घर-घर से ली जाएगी ‘सेग्रीगेशन सेल्फी’

अभियान के तहत नागरिक अपने घर या प्रतिष्ठान में गीले, सूखे और अन्य श्रेणियों में अलग किए गए कचरे के साथ सेल्फी लेकर इस जन अभियान का हिस्सा बनेंगे। नगर निगम के कचरा संग्रहण वाहनों तथा निर्धारित सार्वजनिक स्थलों पर भी सेल्फी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

वार्ड और जोन स्तर पर अधिकारी एवं कर्मचारी पूरे अभियान की निगरानी करेंगे तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सेल्फियों का संकलन किया जाएगा, जिससे विश्व रिकॉर्ड के लिए आवश्यक दस्तावेज तैयार किए जा सकें।

विश्व रिकॉर्ड के साथ स्वच्छता मॉडल को मिलेगी नई पहचान

नगर निगम का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य केवल विश्व रिकॉर्ड बनाना नहीं, बल्कि इंदौर के स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण मॉडल को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करना भी है।

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि वैज्ञानिक अपशिष्ट प्रबंधन, पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) और पुनः उपयोग (रीयूज) की शुरुआत घर-घर में कचरे के सही पृथक्करण से होती है। यदि हर नागरिक इस आदत को अपनाए, तो स्वच्छ और स्वस्थ शहर का सपना आसानी से साकार किया जा सकता है।

शहरवासियों से भागीदारी की अपील

महापौर ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे 30 जुलाई को अपने घर या प्रतिष्ठान में पृथक किए गए कचरे के साथ सेल्फी लेकर इस ऐतिहासिक अभियान का हिस्सा बनें। उन्होंने कहा कि इंदौर की स्वच्छता किसी एक संस्था का नहीं, बल्कि शहर के प्रत्येक नागरिक और स्वच्छता से जुड़े हजारों कर्मियों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है।

उन्होंने विश्वास जताया कि जनभागीदारी के बल पर इंदौर एक बार फिर स्वच्छता के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित करेगा और पूरे देश के लिए प्रेरणा बनेगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments