HomeSports100वें अखिल भारतीय ट्रेडर्स कप हॉकी टूर्नामेंट का फाइनल आज, श्याम लाल...

100वें अखिल भारतीय ट्रेडर्स कप हॉकी टूर्नामेंट का फाइनल आज, श्याम लाल कॉलेज और शाहाबाद एकादश आमने-सामने

नई दिल्ली/नैनीताल। नैनीताल में आयोजित 100वें अखिल भारतीय ट्रेडर्स कप हॉकी टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला दिल्ली विश्वविद्यालय के श्याम लाल कॉलेज और शाहाबाद एकादश के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमों ने रोमांचक सेमीफाइनल मुकाबलों में जीत दर्ज कर खिताबी मुकाबले में अपनी जगह पक्की की है। फाइनल मैच 24 जून को शाम 4:30 बजे से खेला जाएगा।

पहले सेमीफाइनल में दिल्ली विश्वविद्यालय के श्याम लाल कॉलेज की हॉकी टीम ने लखनऊ स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (साई) को शूटआउट में 3-1 से हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर रहीं, जिसके बाद मुकाबले का फैसला शूटआउट से हुआ।

लखनऊ साई की ओर से 26वें मिनट में शिवम पटेल ने गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। हालांकि श्याम लाल कॉलेज ने शानदार वापसी करते हुए 45वें मिनट में नंद किशोर के पेनल्टी कॉर्नर गोल की बदौलत स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।

शूटआउट में श्याम लाल कॉलेज के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। टीम की ओर से मोहित, हर्ष और नंद किशोर ने गोल दागे, जबकि लखनऊ साई की ओर से केवल गौरव यादव ही गोल करने में सफल रहे। श्याम लाल कॉलेज के गोलकीपर मोहम्मद कामिल ने शूटआउट के दौरान शानदार बचाव करते हुए टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

वहीं दूसरे सेमीफाइनल में शाहाबाद एकादश ने ऋषि मारकंडा शाहाबाद को बेहद रोमांचक मुकाबले में शूटआउट के जरिए 7-6 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर थीं।

ऋषि मारकंडा शाहाबाद की ओर से कोहिनूर प्रीत सिंह ने एकमात्र गोल किया, जबकि शाहाबाद एकादश के लिए हरमनदीप ने गोल दागकर टीम को मुकाबले में बनाए रखा। इसके बाद शूटआउट में शाहाबाद एकादश ने संयम और सटीकता का परिचय देते हुए 7-6 से जीत दर्ज की और फाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित की।

अब टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में श्याम लाल कॉलेज और शाहाबाद एकादश के बीच खिताब के लिए जोरदार भिड़ंत देखने को मिलेगी। दोनों टीमों के शानदार प्रदर्शन को देखते हुए हॉकी प्रेमियों को एक रोमांचक और उच्चस्तरीय मुकाबले की उम्मीद है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments