HomeNational Newsराजीव चौक, मंडी हाउस समेत 18 मेट्रो स्टेशन अगले आदेश तक रहेंगे...

राजीव चौक, मंडी हाउस समेत 18 मेट्रो स्टेशन अगले आदेश तक रहेंगे बंद

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र 25 जुलाई को दिल्ली मेट्रो के 18 स्टेशन अगले आदेश तक बंद रहेंगे। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) के अनुसार, लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम, झंडेवालान और नई दिल्ली स्टेशन इस अवधि में यात्रियों के लिए बंद रहेंगे।

DMRC ने बताया कि इन स्टेशनों पर यात्रियों के प्रवेश और निकास पर पूरी तरह रोक रहेगी। हालांकि, परिचालन आवश्यकताओं के अनुसार मेट्रो सेवाएं जारी रहेंगी और ट्रेनें कुछ स्टेशनों से बिना रुके गुजर सकती हैं।

प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपने रूट की जानकारी अवश्य जांच लें और आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक मार्ग अपनाएं। सुरक्षा एजेंसियां हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और स्थिति सामान्य होने पर आगे की जानकारी जारी की जाएगी। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे केवल दिल्ली मेट्रो और प्रशासन की आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।

FRS से 2,500 से अधिक संदिग्ध उपद्रवियों की पहचान

इस बीच पुलिस सूत्रों के अनुसार, जंतर-मंतर पर जारी CJP के विरोध प्रदर्शन के दौरान लगाए गए फेशियल रिकग्निशन सिस्टम (FRS) की मदद से 2,500 से अधिक आपराधिक पृष्ठभूमि वाले संदिग्ध लोगों की पहचान की गई है।

दिल्ली पुलिस का कहना है कि इनमें कई ऐसे लोग शामिल हैं, जिनका आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और जो भीड़ में शामिल होकर पुलिस पर हमला करने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, कुछ लोगों ने धारदार हथियारों का भी इस्तेमाल किया।

20 जुलाई की हिंसा के बाद लगाया गया था FRS सिस्टम

पुलिस ने बताया कि 20 जुलाई को हुई हिंसा के बाद जंतर-मंतर पर FRS प्रणाली तैनात की गई थी। 21, 22 और 23 जुलाई के दौरान इस प्रणाली की सहायता से 2,500 से अधिक संदिग्धों की पहचान की गई। अब तक इस मामले में 15 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह निगरानी व्यवस्था आम प्रदर्शनकारियों के लिए नहीं, बल्कि वांछित अपराधियों, फरार आरोपियों, हिस्ट्रीशीटरों और बदमाशों की पहचान के लिए लगाई गई है, ताकि प्रदर्शन की आड़ में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को रोका जा सके।

वीकेंड पर शराब की दुकानें रात 8 बजे होंगी बंद

जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे छात्रों के विरोध प्रदर्शन के मद्देनज़र दिल्ली सरकार ने वीकेंड के दौरान शराब की दुकानों के संचालन समय में भी बदलाव किया है।

पीटीआई के अनुसार, दिल्ली सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि वीकेंड पर सभी शराब की दुकानें सामान्य समय रात 10 बजे के बजाय रात 8 बजे बंद कर दी जाएंगी। अधिकारी ने कहा कि यह निर्णय जंतर-मंतर पर जारी विरोध प्रदर्शन और सुरक्षा एजेंसियों से प्राप्त इनपुट के आधार पर लिया गया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments