दिल्ली में मौसम इन दिनों तेजी से बदल रहा है। सुबह के समय हल्की ठंडक महसूस की जा रही है, जबकि दिन चढ़ने के साथ तापमान बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को राजधानी में गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है, हालांकि शाम तक मौसम के सामान्य होने के संकेत हैं।
दिनभर आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और बीच-बीच में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है। हवा की रफ्तार लगभग 14 किलोमीटर प्रति घंटे रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री के आसपास रह सकता है। इसके साथ ही नमी का स्तर काफी अधिक, लगभग 80 प्रतिशत तक रहने की संभावना है, जिससे उमस महसूस हो सकती है।मौसम विभाग ने शनिवार के लिए भी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।
खराब मौसम के चलते कुछ इलाकों में ट्रैफिक पर असर पड़ सकता है। साथ ही लोगों को तेज हवाओं और बिजली कड़कने के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।हाल ही में शहर के कुछ हिस्सों में हुई बारिश से मौसम में ठंडक आई है और हवा की गुणवत्ता में भी सुधार दर्ज किया गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 103 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है।

