युवाओं के हित को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता, कहा- पेपर लीक के दोषियों को जल्द मिलेगा कठोर दंड
नई दिल्ली। देशभर में विभिन्न स्थानों पर हो रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेपर लीक मामलों को लेकर बड़ा ऐलान किया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि युवाओं का हित और उनका भविष्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा पेपर लीक के मामलों में दोषियों को शीघ्र और कठोर सजा दिलाने के लिए विशेष फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन किया जाएगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी अपने संदेश में कहा, “देश के युवाओं का हित और उनका भविष्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पेपर लीक के सभी मामलों में दोषियों को जल्द से जल्द कठोर दंड देने के लिए, केस के त्वरित निस्तारण हेतु फास्ट ट्रैक कोर्ट्स का गठन किया जाएगा।”
प्रधानमंत्री के इस बयान को परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और युवाओं के भविष्य की सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सरकार का मानना है कि फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से पेपर लीक से जुड़े मामलों का शीघ्र निपटारा होगा और दोषियों को समयबद्ध तरीके से सजा मिल सकेगी।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

