टोक्यो। जापान में रविवार तड़के 5.9 तीव्रता के भूकंप के झटकों से धरती कांप उठी। भूकंप का असर राजधानी टोक्यो समेत देश के पूर्वी हिस्सों में महसूस किया गया। अधिकारियों के मुताबिक, भूकंप में 20 से अधिक लोग घायल हुए हैं। हालांकि, ज्यादातर लोगों को मामूली चोटें आई हैं।
जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार, भूकंप का केंद्र दक्षिणी इबाराकी प्रांत में जमीन से करीब 70 किलोमीटर नीचे था। यह क्षेत्र भूकंपीय गतिविधियों के लिहाज से संवेदनशील माना जाता है और यहां अक्सर भूकंप के झटके महसूस किए जाते हैं।
सुनामी की चेतावनी नहीं
भूकंप के बाद अधिकारियों ने सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर नजर बनाए रखी और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी।
लोकल ट्रेन सेवाएं प्रभावित
भूकंप के कारण कई इलाकों में स्थानीय ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं। लोगों के मोबाइल फोन पर आपातकालीन अलर्ट भी जारी किए गए। कई स्थानों पर जमीन के नीचे पानी की पाइपलाइनें टूट गईं।
वहीं, टोक्यो में करीब 460 घरों की बिजली आपूर्ति बाधित हुई। हालांकि, सुबह तक बिजली सेवा बहाल कर दी गई।
नुकसान का आकलन करने के लिए टास्क फोर्स
भूकंप के बाद प्रधानमंत्री साने ताकाइची की सरकार ने नुकसान का आकलन करने और स्थिति पर नजर रखने के लिए एक विशेष टास्क फोर्स का गठन किया है।
प्रशासन की टीमें प्रभावित इलाकों में नुकसान का जायजा ले रही हैं। जापान में भूकंप की घटनाओं को देखते हुए राहत और आपदा प्रबंधन एजेंसियां भी सतर्क हैं।
फिलहाल किसी बड़े नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

