HomeInternational Newsअंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026: दुनिया के 2,500 से अधिक स्थलों पर गूंजी...

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026: दुनिया के 2,500 से अधिक स्थलों पर गूंजी भारत की योग परंपरा

नई दिल्ली। 21 जून 2026 को 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पूरी दुनिया में अभूतपूर्व उत्साह और सहभागिता के साथ मनाया गया। भारत में जहां मुख्य कार्यक्रम कोलकाता में आयोजित हुआ, वहीं विदेशों में भी योग के प्रति लोगों का उत्साह देखने लायक रहा। इस वर्ष योग दिवस की थीम ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ (Yoga for Healthy Ageing) रही, जिसने हर आयु वर्ग के लोगों को सक्रिय, संतुलित और निरोग जीवन शैली अपनाने का संदेश दिया।

विदेश मंत्रालय और भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर) के संयुक्त प्रयासों से दुनिया भर में फैले 210 से अधिक भारतीय मिशनों और दूतावासों ने लगभग 2,500 ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सार्वजनिक स्थलों पर योग कार्यक्रमों का आयोजन किया। इन आयोजनों में लाखों लोगों ने भाग लेकर योग को वैश्विक स्वास्थ्य आंदोलन के रूप में और अधिक मजबूत बनाया।

लिंकन मेमोरियल और टाइम्स स्क्वायर बने योग के केंद्र

अमेरिका में भारत के राजदूत विनय क्वात्रा की उपस्थिति में वॉशिंगटन डी.सी. के प्रतिष्ठित लिंकन मेमोरियल पर भव्य योग सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों योग प्रेमियों ने भाग लिया। यहां लोगों को भारतीय पारंपरिक स्वास्थ्य पद्धतियों से परिचित कराने के लिए विशेष ‘आयुर्वेद कॉर्नर’ भी स्थापित किए गए।

वहीं न्यूयॉर्क स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास के सहयोग से विश्व प्रसिद्ध टाइम्स स्क्वायर पर विशाल योग सभा आयोजित की गई। इस विशेष सत्र का नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योग गुरु एच.आर. नागेंद्र ने किया, जिसमें विभिन्न देशों के लोगों ने योग और प्राणायाम का सामूहिक अभ्यास किया।

अमेरिका स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा किए गए संदेश में कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 केवल योग तक सीमित नहीं था, बल्कि आयुर्वेद, पारंपरिक स्वास्थ्य प्रणालियों और सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से भारतीय जीवन दर्शन को भी वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया गया।

शंघाई से टोरंटो तक योग की धूम

चीन के शंघाई में भारतीय महावाणिज्य दूतावास द्वारा प्रसिद्ध बंड फाइनेंस सेंटर (बीएफसी) में विशाल योग सत्र आयोजित किया गया। कनाडा के टोरंटो में ओंटारियो विधानसभा भवन के सामने आयोजित सामूहिक योग कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रवासी भारतीयों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।

ब्रिटेन के बर्मिंघम स्थित विक्टोरिया स्क्वायर, जर्मनी और स्वीडन सहित कई यूरोपीय देशों में भी खुले मैदानों और सार्वजनिक स्थलों पर योग शिविर लगाए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और मानसिक संतुलन बनाए रखने का संदेश दिया गया।

अर्जेंटीना में दिव्यांगजनों के लिए विशेष पहल

अर्जेंटीना की राजधानी ब्यूनस आयर्स के ओलंपिक पार्क में आयोजित योग उत्सव विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। यहां पहली बार दिव्यांगजनों के लिए विशेष योग सत्र आयोजित किए गए। साथ ही भारतीय पारंपरिक व्यंजनों, हस्तशिल्प और वस्त्रों की प्रदर्शनी ने लोगों को भारतीय संस्कृति से परिचित कराया।

छह भाषाओं में योग का वैश्विक संदेश

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर संयुक्त राष्ट्र की छह आधिकारिक भाषाओं—अरबी, चीनी, अंग्रेजी, फ्रांसीसी, रूसी और स्पेनिश—में अनुवादित कॉमन योग प्रोटोकॉल (सीवाईपी) के माध्यम से दुनिया के विभिन्न हिस्सों में लोगों ने एक साथ योग और प्राणायाम का अभ्यास किया।

यह व्यापक भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि भारत की प्राचीन योग परंपरा अब केवल एक दिवस का आयोजन नहीं रह गई है, बल्कि दुनिया भर में स्वास्थ्य, संतुलन और मानसिक शांति का पर्याय बनकर एक वैश्विक ‘आरोग्य आंदोलन’ का स्वरूप धारण कर चुकी है। आज योग विभिन्न देशों के कार्यस्थलों, शैक्षणिक संस्थानों और दैनिक जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनता जा रहा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments