लोक-कल्याण और सुशासन के लिए प्रतिबद्ध योगी सरकार, जनता दर्शन में सुनीं फरियादें
सीएम योगी ने जनता दर्शन में अधिकारियों को दिए पारदर्शी और त्वरित निस्तारण के निर्देश

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए नागरिकों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं। इस दौरान उन्होंने प्रत्येक प्रकरण के पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार लोक-कल्याण और सुशासन के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और किसी भी पात्र व्यक्ति को न्याय मिलने में अनावश्यक विलंब न हो।

जनता दर्शन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विभिन्न जिलों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों का गंभीरता से परीक्षण कर शीघ्र और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

