नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार को हुई झमाझम बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया। दिल्ली, नोएडा और आसपास के कई इलाकों में तेज बारिश और आंधी-तूफान के चलते लोगों को पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे पूरे क्षेत्र का मौसम सुहावना हो गया।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी IMD) ने पहले ही राष्ट्रीय राजधानी के लिए येलो अलर्ट (Yellow Alert) जारी करते हुए हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक, तेज हवाओं और बिजली गिरने की संभावना जताई थी। विभाग ने लोगों को मौसम में अचानक बदलाव को देखते हुए सतर्क रहने और यात्रा से पहले ताजा मौसम पूर्वानुमान की जानकारी लेने की सलाह भी दी थी।
आईएमडी के अनुसार, 7 जुलाई से 11 जुलाई के बीच दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि 7 जुलाई और 9 जुलाई को कुछ स्थानों पर अपेक्षाकृत अधिक वर्षा हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। हालांकि, अगले सात दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है।
आईएमडी का कहना है कि अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान लगभग स्थिर रहेगा। इसके बाद अगले तीन दिनों में इसमें 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जबकि उसके बाद तापमान में फिर से हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है।
मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि मानसूनी गतिविधियों के सक्रिय रहने से आने वाले दिनों में भी दिल्ली-एनसीआर के लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, गरज-चमक और तेज हवाओं के दौरान लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

