लखनऊ। मेरठ कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस वाहन में मौजूद अधिवक्ता रवि गौतम के साथ एसएसपी मेरठ अविनाश पांडेय द्वारा कथित मारपीट के आरोपों को लेकर उत्तर प्रदेश मानवाधिकार आयोग ने मामला दर्ज कर लिया है। यह कार्रवाई आज़ाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर की शिकायत पर की गई है।
अमिताभ ठाकुर ने बताया कि आयोग ने उनकी शिकायत पर केस संख्या 14615/24/54/2026 दर्ज कर लिया है। शिकायत में उन्होंने कथित घटना से संबंधित वीडियो एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को सुरक्षित रखने, अधिवक्ता रवि गौतम का स्वतंत्र रूप से बयान दर्ज कराने तथा पूरे मामले की मेरठ पुलिस से अलग किसी स्वतंत्र एजेंसी द्वारा जांच कराने की मांग की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पुलिस के प्रभावी नियंत्रण में मौजूद एक व्यक्ति के साथ वरिष्ठ पुलिस अधिकारी द्वारा कथित मारपीट मानवाधिकारों के उल्लंघन और पुलिस जवाबदेही से जुड़ा गंभीर मामला है। इस कारण मामले की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच आवश्यक है।
अमिताभ ठाकुर ने उत्तर प्रदेश मानवाधिकार आयोग से अनुरोध किया है कि वह पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराए, तथ्यों के आधार पर जिम्मेदारी तय करे तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करे।
फिलहाल, इस मामले में उत्तर प्रदेश मानवाधिकार आयोग द्वारा शिकायत पर संज्ञान लेते हुए प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। आयोग की ओर से आगे की जांच और संबंधित पक्षों से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस मामले में एसएसपी मेरठ की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

