ग्रेटर नोएडा। एचसीएल फाउंडेशन ने गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय, ग्रेटर नोएडा में ‘स्पोर्ट्स फॉर चेंज (एसएफसी) नेशनल फाइनल्स 2026’ के आठवें संस्करण का सफल आयोजन किया। तीन दिनों तक चले इस राष्ट्रीय खेल महोत्सव में देश के 15 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों से आए 600 युवा खिलाड़ियों ने भाग लिया। इनमें 300 लड़के और 300 लड़कियां शामिल थीं।
प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश, लद्दाख, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, केरल, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, असम, सिक्किम और नागालैंड के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने फुटबॉल, कबड्डी, वॉलीबॉल, खो-खो, तीरंदाजी, बैडमिंटन और टेबल टेनिस सहित सात खेलों में अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
एचसीएलटेक की ग्लोबल सीएसआर प्रमुख एवं एचसीएल फाउंडेशन की निदेशक डॉ. निधि पुंधीर ने कहा कि संस्था का विश्वास है कि प्रत्येक बच्चे को अपनी प्रतिभा पहचानने और अपने सपनों को साकार करने का समान अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित कर ऐसा वातावरण तैयार किया जा रहा है, जहां युवा खिलाड़ी बड़े सपने देखने, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित हों। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह राष्ट्रीय फाइनल्स प्रतिभागियों को यह विश्वास देगा कि परिस्थितियां उनके भविष्य का निर्धारण नहीं करतीं।
उन्होंने बताया कि ‘स्पोर्ट्स फॉर चेंज’ कार्यक्रम का उद्देश्य खेलों के माध्यम से गरीबी, सामाजिक वर्ग, जाति और शारीरिक अक्षमता जैसी बाधाओं को दूर कर वंचित बच्चों एवं युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर देना है।
कार्यक्रम के तहत अब तक देशभर में 74 हजार से अधिक बच्चों और युवाओं तक पहुंच बनाई जा चुकी है, जिनमें 474 पैरा एथलीट भी शामिल हैं। इस वर्ष आयोजित प्रतियोगिता में 12 हजार से अधिक युवा खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
एचसीएल फाउंडेशन ने घोषणा की कि इस वर्ष उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए 30 से अधिक स्पोर्ट्स स्कॉलरशिप प्रदान की जाएंगी। इन छात्रवृत्तियों के माध्यम से खिलाड़ियों को पेशेवर कोचिंग, खेल उपकरण, बेहतर पोषण और आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
फाउंडेशन के अनुसार, इस पहल के माध्यम से अब तक 490 से अधिक खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं तक पहुंच चुके हैं, जबकि 38 खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। इनमें बैडमिंटन खिलाड़ी जेरलिन अनिका, धाविका प्रीति पाल, रग्बी खिलाड़ी अक्षया, पावरलिफ्टर राजकुमारी और शतरंज खिलाड़ी कनिश्री जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं।
एचसीएल फाउंडेशन का मानना है कि खेल केवल प्रतियोगिता का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव और युवा सशक्तिकरण का प्रभावी साधन है। इसी उद्देश्य के साथ ‘स्पोर्ट्स फॉर चेंज’ कार्यक्रम देशभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को नई पहचान और बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान कर रहा है।

