एक्शन, इमोशन और गैंगवार से भरपूर फिल्म 7 अगस्त को होगी रिलीज़
मुंबई। सन पिक्चर्स की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘डीसी’ का ट्रेलर रिलीज़ होते ही सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। अपराध, प्रेम और बदले की कहानी पर आधारित इस रोमांटिक एक्शन थ्रिलर में पहली बार चर्चित फिल्मकार लोकेश कनगराज बतौर मुख्य अभिनेता बड़े पर्दे पर नजर आएंगे। उनके साथ अभिनेत्री वामिका गब्बी मुख्य भूमिका में दिखाई देंगी।
फिल्म का निर्देशन अरुण मथेश्वरन ने किया है, जिन्होंने इसे हाई-ऑक्टेन एक्शन, भावनात्मक कहानी और शानदार सिनेमाई प्रस्तुति के साथ बड़े पैमाने पर तैयार किया है। ट्रेलर में गैंगस्टर ड्रामा, रोमांचक पीछा, जबरदस्त एक्शन सीक्वेंस और इमोशनल कहानी की झलक देखने को मिलती है, जिसने दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है।
अनिरुद्ध रविचंदर का दमदार संगीत
फिल्म का संगीत लोकप्रिय संगीतकार अनिरुद्ध रविचंदर ने तैयार किया है। फिल्म में कुल 15 गानों का भव्य साउंडट्रैक शामिल है, जिसे फिल्म की कहानी और एक्शन के अनुरूप विशेष रूप से तैयार किया गया है।
7 अगस्त को सिनेमाघरों में दस्तक
‘डीसी’ आगामी 7 अगस्त 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी। उत्तर भारत के हिंदी भाषी बाजार में फिल्म का वितरण धर्मा प्रोडक्शंस करेगा। सन पिक्चर्स और धर्मा प्रोडक्शंस के बीच यह साझेदारी फिल्म को राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक पहुंच दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
फिल्म के ट्रेलर को मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया को देखते हुए माना जा रहा है कि ‘डीसी’ अगस्त में बॉक्स ऑफिस पर बड़ी फिल्मों को कड़ी टक्कर दे सकती है। एक्शन, इमोशन और मनोरंजन का अनूठा मिश्रण इसे इस वर्ष की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल कर रहा है।

