दिल्ली में सजा कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस का महाकुंभ, 25 देशों के खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
त्यागराज स्टेडियम बना कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस का केंद्र, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किया उद्घाटन
22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप का आगाज, दिल्ली ने किया खिलाड़ियों का भव्य स्वागत

नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को त्यागराज स्टेडियम में 22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि दिल्ली को 25 कॉमनवेल्थ देशों के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और आधिकारिक प्रतिनिधिमंडलों की मेजबानी करने का गौरव प्राप्त हुआ है।

मुख्यमंत्री ने सभी प्रतिभागियों का राजधानी में स्वागत करते हुए कहा कि यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता केवल खेल प्रतिभा का प्रदर्शन नहीं, बल्कि देशों के बीच मित्रता, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और खेल भावना को मजबूत करने का अवसर भी है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि प्रतियोगिता का हर मुकाबला उत्कृष्टता और खेल भावना का नया उदाहरण प्रस्तुत करेगा तथा सभी खिलाड़ी दिल्ली से सुखद और यादगार अनुभव लेकर लौटेंगे।

22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप का आयोजन 2 अगस्त तक त्यागराज स्टेडियम में किया जाएगा। दिल्ली सरकार ने राजधानीवासियों से इस अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन का हिस्सा बनने और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।

