दतिया (मध्य प्रदेश): मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। सुबह से ही विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। इस दौरान प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया और मतदान के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार आशुतोष तिवारी की जीत का भरोसा जताया।
मतदान के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के बयान उसकी हताशा और निराशा को दर्शाते हैं।
उन्होंने कहा, “जब भी कांग्रेस चुनाव हारने की स्थिति में होती है, तब वह किसी न किसी तरह के आरोप लगाने लगती है। दतिया की जनता भाजपा और उसके विकास कार्यों के पक्ष में मतदान कर रही है और हमें पूर्ण विश्वास है कि भाजपा उम्मीदवार आशुतोष तिवारी विजयी होंगे।”
भावुक होने पर दी सफाई
नरोत्तम मिश्रा ने हाल ही में भाजपा उम्मीदवार आशुतोष तिवारी के नामांकन के दौरान भावुक होकर रोने की घटना पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी भावुकता का चुनावी हार-जीत से कोई संबंध नहीं था।
उन्होंने कहा, “मैं अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को लगी चोटों और उनके संघर्ष को देखकर भावुक हुआ था, न कि किसी हार की वजह से। मैंने कई चुनाव नहीं हारे हैं, मेरा टिकट ही काटा गया था। जब मैं किसी और कारण से भावुक था, तो उसे हार से जोड़ना पूरी तरह गलत है।”
शांतिपूर्ण मतदान जारी
दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और प्रशासन ने निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किए हैं। राजनीतिक दलों की नजर अब मतदान प्रतिशत और चुनाव परिणाम पर टिकी हुई है।

