मोहाली। पंजाब के मोहाली स्थित विजिलेंस कार्यालय में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए छापा मारा। यह कार्रवाई कथित तौर पर 20 लाख रुपये की रिश्वत लेने के मामले में की गई। छापेमारी के दौरान सीबीआई अधिकारियों ने कई कर्मचारियों से घंटों पूछताछ की और कार्यालय के महत्वपूर्ण रिकॉर्ड अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, संपत्ति से जुड़े एक सौदे में रिश्वत लेने के आरोप सामने आने के बाद सीबीआई ने यह कार्रवाई की। मामले में पंजाब विजिलेंस विभाग के प्रमुख अधिकारी के रीडर को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी के बाद एजेंसी अब पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य अधिकारियों की भूमिका की जांच कर रही है।
सीबीआई टीम देर रात अचानक विजिलेंस कार्यालय पहुंची और वहां मौजूद दस्तावेजों, फाइलों तथा इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड की जांच की और इस मामले में किन अधिकारियों की संलिप्तता इस मामले में रही।
बताया जा रहा है कि शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने प्रारंभिक जांच की थी, जिसमें रिश्वतखोरी के आरोपों के संकेत मिलने पर यह छापेमारी की गई। कार्रवाई के बाद पंजाब के प्रशासनिक और विजिलेंस महकमे में हड़कंप मच गया है।
सीबीआई अधिकारियों ने फिलहाल मामले में आधिकारिक रूप से ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है

