वाराणसी। भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय की महत्वपूर्ण पहल काशी तमिल संगमम 5.0 के सफल आयोजन की तैयारियां तेज हो गई हैं। आयोजन के समन्वयक संस्थान काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) ने स्वयंसेवक (वॉलंटियर) के रूप में जुड़ने के इच्छुक विद्यार्थियों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। इसके लिए आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
काशी तमिल संगमम का उद्देश्य तमिलनाडु और काशी के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं ऐतिहासिक संबंधों को नई ऊर्जा देना तथा दोनों क्षेत्रों की साझा भारतीय विरासत को जन-जन तक पहुंचाना है। इस आयोजन में स्वयंसेवक के रूप में भाग लेकर वाराणसी के विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर के सांस्कृतिक कार्यक्रम के प्रबंधन और संचालन का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
ये हैं आवेदन की प्रमुख पात्रताएं
बीएचयू की ओर से निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार, स्वयंसेवक बनने के लिए आवेदक का वाराणसी स्थित किसी विश्वविद्यालय का विद्यार्थी होना अनिवार्य है। इसके साथ ही आवेदकों और अतिथियों के साथ विनम्रता, शिष्टाचार एवं जिम्मेदारी के साथ संवाद करने की क्षमता होनी चाहिए।
आवेदकों को कंप्यूटर का बुनियादी ज्ञान होना आवश्यक है। विशेष रूप से माइक्रोसॉफ्ट एक्सेल की जानकारी को प्राथमिकता दी गई है। प्रत्येक आवेदक के पास अपना स्मार्टफोन होना भी अनिवार्य है। इसके अतिरिक्त, निर्धारित तिथियों और कार्य-शिफ्ट के दौरान समय पर उपलब्ध रहना जरूरी होगा।
चयनित स्वयंसेवकों को मिलेगा प्रमाणपत्र
आयोजन समिति के अनुसार, कार्यक्रम में जिम्मेदारी निभाने वाले सभी चयनित स्वयंसेवकों को आधिकारिक प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा। हालांकि, समिति ने स्पष्ट किया है कि स्वयंसेवक के रूप में जुड़ने का अर्थ तमिलनाडु यात्रा का अवसर मिलना नहीं है। इस भूमिका के लिए आवेदन करने वाले विद्यार्थियों से अपेक्षा है कि वे पूरी निष्ठा, अनुशासन, गरिमा और ईमानदारी के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।
यहां करें ऑनलाइन पंजीकरण
इच्छुक एवं पात्र विद्यार्थी काशी तमिल संगमम के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर स्वयंसेवक के रूप में पंजीकरण कर सकते हैं। इसके लिए पोर्टल पर उपलब्ध ‘Register as a Volunteer’ विकल्प के माध्यम से आवेदन करना होगा।
आधिकारिक वेबसाइट: https://kashitamil.bhu.edu.in/volunteers.html
काशी तमिल संगमम 5.0 विद्यार्थियों के लिए केवल एक सांस्कृतिक आयोजन का हिस्सा बनने का अवसर नहीं है, बल्कि देश की विविध भाषाओं, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को करीब से समझने तथा राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का भी महत्वपूर्ण मंच है।

