शिलांग। मेघालय में वर्ष 2026 के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा किए गए विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR 2026) के तहत प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची से 1.80 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं।
मेघालय के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) डॉ. ब्रह्म देव राम तिवारी ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार को जारी प्रारूप मतदाता सूची में 1,80,402 मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। यह राज्य के कुल मतदाताओं का 7.68 प्रतिशत है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, हटाए गए नामों में 81,490 मतदाताओं के नाम उनकी मृत्यु के कारण सूची से हटाए गए हैं। शेष नाम अन्य वैध कारणों, जैसे मतदाता का स्थानांतरण, दोहराव अथवा निर्वाचन आयोग के नियमों के अनुरूप पात्रता में बदलाव के आधार पर हटाए गए हैं।
निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि मतदाता सूची का यह पुनरीक्षण निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सटीक और अद्यतन बनाने के उद्देश्य से किया गया है। प्रारूप सूची प्रकाशित होने के बाद पात्र नागरिक निर्धारित अवधि के भीतर अपने नाम जोड़ने, संशोधन कराने या आपत्तियां दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
अंतिम मतदाता सूची सभी दावों और आपत्तियों के निस्तारण के बाद प्रकाशित की जाएगी।

