कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला, जब भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
इस बार शपथ ग्रहण समारोह को लेकर एक बड़ी परंपरा भी टूटी। आमतौर पर राजभवन (लोकभवन) में होने वाला शपथ ग्रहण कार्यक्रम पहली बार खुले मैदान ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित किया गया, जहां भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने भी मंत्री पद की शपथ ली। दिलीप घोष, अग्निमित्रा पाल, अशोक कीर्तनिया, निशीथ प्रमाणिक और खुदीराम टुडु को मंत्रीमंडल में शामिल किया गया।
समारोह के दौरान भाजपा समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिला। “जय श्रीराम” और “भारत माता की जय” के नारों से पूरा ब्रिगेड परेड ग्राउंड गूंज उठा। पार्टी नेताओं ने इसे पश्चिम बंगाल में “नई राजनीतिक शुरुआत” बताया।
बताया जा रहा है कि नई सरकार जल्द ही कानून-व्यवस्था, उद्योग और रोजगार जैसे मुद्दों पर बड़े फैसले ले सकती है। वहीं राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राज्य में भाजपा सरकार बनने के बाद बंगाल की राजनीति में नए समीकरण देखने को मिलेंगे।

