हाल ही में सलमान खान के घर पर हमला करने वाला पांचवा आरोपी भी गिरफ्तार कर लिया गया है! जानकारी के लिए बता दे कि कुछ दिनों पहले बाइक पर सवार कुछ व्यक्तियों ने सलमान खान के घर के ऊपर फायरिंग की थी, जिसमें अब एक नया मोड़ आ चुका है! बता दे कि सलमान खान पर दूसरी बार हमले की साजिश मामले में नवी मुंबई पुलिस ने पांचवा आरोपी भी गिरफ्तार कर लिया है। दीपक गोगलिया उर्फ जोनी वाल्मीकि नाम के इस आरोपी को राजस्थान के भिवानी से गिरफ्तार किया गया। मालूम हो कि सलमान पर पहला हमला 14 अप्रैल 2024 को हुआ था, जब उनके गैलेक्सी अपार्टमेंट स्थित घर पर दो शूटर्स ने फायरिंग की। ये शूटर्स लॉरेंस बिश्नोई गैंग के थे। इस हमले के कुछ वक्त बाद ही सलमान पर दोबारा हमला करने की साजिश रची गई। यह साजिश एक्टर को उन्हीं के पनवेल फार्महाउस पर मारने की थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार दीपक गोगलिया गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ के गैंग का आदमी है, और उनके लिए काम करता है। इससे पहले, पनवेल पुलिस को सितंबर-अक्टूबर 2023 में टिप मिली थी कि सलमान खान पर हमला होने वाला है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने हाल ही चार लोगों को गिरफ्तार किया था। इनकी पहचान वासपी खान उर्फ वसीम चिकना, धनंजय उर्फ अजय कश्यप, गौरव भाटिया उर्फ नाहवी और रिजवान खान उर्फ जावेद खान के रूप में हुई है। इन सभी के खिलाफ IPC की धारा 115, 120 (B) और 506 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
नवी मुंबई पुलिस ने बताया, ‘लॉरेंस बिश्नोई गैंग द्वारा सलमान खान को निशाना बनाने की नई साजिश के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। यह गिरफ्तारी नवी मुंबई पुलिस के इनपुट के आधार पर हरियाणा पुलिस ने की है। हरियाणा पुलिस ने दीपक उर्फ जॉनी वाल्मिकी उम्र 30 साल नाम के आरोपी को भिवानी से गिरफ्तार किया है और जल्द ही उसे नवी मुंबई पुलिस को सौंप दिया जाएगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन आरोपियों का प्लान सलमान की कार पर हमला करने का था। सलमान पर नजर रखने के लिए लॉरेंस बिश्नोई और संपत नेहरा गैंग के 60-70 लोग मुंबई, पुणे, गुजरात, रायगढ़, नवी मुंबई और ठाणे से आए थे।
वहीं, डीसीपी विवेक पनसारे ने मीडिया को बताया कि पनवेल पुलिस स्टेशन के सीनियर इंस्पेक्टर नितिन ठाकरे को पिछले साल सितंबर-अक्टूबर में सलमान पर हमले की साजिश के बारे में इनपुट मिला था। जांच की गई तो पता चला कि गैंग के चार सदस्यों ने पनवेल में सलमान खान के फार्महाउस, मुंबई के बांद्रा में उनके घर के आसपास के इलाके और फिल्म की शूटिंग के लिए उनकी लोकेशंस की रेकी की थी। सभी गिरफ्तार आरोपियों को आदेश दिया गया था कि वह सलमान खान को AK-47 से छलनी कर दें। पुलिस के मुताबिक, सलमान पर हमला करने के लिए हथियार पाकिस्तान से मंगवाने की तैयारी की गई थी। वहां एक आर्म्स डीलर से संपर्क किया गया था, जिसका नाम डोगरा बताया जा रहा है। इस मामले में अब लॉरेंस बिश्नोई और उसके भाई अनमोल बिश्नोई समेत 18 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। बता दें कि 14 अप्रैल को बाइक पर आए बदमाशों ने मुंबई के बांद्रा में सलमान के गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर कई गोलियां चलाई थीं। हमलावरों विक्की गुप्ता और सागर पाल को गुजरात से गिरफ्तार किया गया था। हमलावरों को कथित तौर पर हथियार उपलब्ध करवाने वाले सोनू बिश्नोई और अनुज थापन को बाद में पंजाब से पकड़ा गया था। थापन ने एक मई को यहां हवालात में कथित तौर पर फांसी लगा ली थी। मुंबई पुलिस ने बाद में मामले में और गिरफ्तारियां कीं।
इसके साथ ही एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों से हुई पूछताछ में पता चला कि ये लोग पनवेल फार्म हाउस से निकलने के दौरान सलमान की गाड़ी पर एके- 47, एम-16 और AK-92 जैसे आधुनिक घातक हथियारों से कथित तौर पर हमला करने वाले थे। इनके पास मिले मोबाइलों से पता चला कि एक शूटर अजय कश्यप पाकिस्तान में डोगा नाम के हथियार सप्लायर के संपर्क में था। इसी से एम-16, एके-47 और एके-92 खरीद कर मुंबई लाने और वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा था। बता दें कि पुलिस ने अब तक लॉरेंस बिश्नोई, अनमोल बिश्नोई, गोल्डी बराड़, संपत नेहरा समेत 17 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आपको बता दे की सलमान पर उनके फार्म हाउस से बाहर जानलेवा हमले के प्लान का खुलासा होने के पीछे कहानी है। सीनियर पीआई नितिन ठाकरे को पिछले साल सितंबर-अक्टूबर में ही कुछ इनपुट्स मिल गए थे। पुलिस के मुताबिक, इसमें पता चला था कि कुछ लोकप्रिय लोगों को नुकसान पहुंचाने की साजिश हो रही है। इस पर नवी मुंबई पुलिस के कुछ अधिकारियों और मुखबिरों की बिश्नोई गिरोह के वॉट्सऐप ग्रुप्स और उनके सोशल मीडिया समूहों में घुसपैठ कराई गई। इसका फायदा हुआ और खबर मिली कि कुछ लोग सलमान के फार्म हाउस की रेकी कर रहे हैं। इन पर नजर रखी गई और इन्हें अरेस्ट कर लिया गया। इनमें धनंजय ताप सिंह उर्फ अजय कश्यप को पनवेल से, गौरव भाटिया उर्फ संदीप बिश्नोई को गुजरात से, वासपी खान उर्फ वसीम चिकना को छत्रपति संभाजीनगर से और रिजवान खान उर्फ जावेद खान को बेंगलुरु से गिरफ्तार किया गया।