यह सवाल उठना लाजिमी है कि क्या बेटी सोनाक्षी सिन्हा की शादी में उनके पिता शत्रुघ्न सिन्हा जाएंगे या नहीं! क्योंकि अगर खबरों की माने तो उनके पिता वर्तमान में सोनाक्षी सिन्हा से नाराज नजर आ रहे हैं! जानकारी के लिए बता दे कि सोनाक्षी सिन्हा की जहीर इकबाल की शादी लगातार चर्चा में है। ताजा जानकारी यही है कि 19 जून को जहां दोनों की संगीत सेरेमनी है, वहीं 22 जून को सगाई होनी है। 23 जून की शाम को दोनों शिल्पा शेट्टी के रेस्टोरेंट ‘बास्टियन’ में रिसेप्शन पार्टी देंगे। यह भी बताया जा रहा है कि शादी का पहला कार्ड सलमान खान को गया है। लेकिन इन सब के बीच हर किसी की दिलचस्पी इस बात में है कि क्या सोनाक्षी का परिवार इस शादी में शामिल होगा? ऐसा इसलिए कि इस शादी को लेकर पिता शत्रुघ्न सिन्हा और भाई लव सिन्हा का रुझान बहुत अच्छा नहीं दिखा है। दोनों यही कहते आए हैं कि उन्हें इस शादी के बारे में कोई जानकारी नहीं है। लेकिन अब सोनाक्षी के मुंहबोले मामा पहलाज निहलानी ने कंफर्म किया है कि इस शादी में शत्रुघ्न सिन्हा जरूर शिरकत करेंगे और बेटी को आशीर्वाद देंगे। दिग्गज फिल्ममेकर और सेंसर बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष पहलाज निहलानी ने शादी में शत्रुघ्न सिन्हा की मौजूदगी की पुष्टि की है। परिवार में कलह की अफवाहों का खंडन करते हुए पहलाज निहलानी ने कहा, ‘शत्रुघ्न सिन्हा लोकसभा चुनाव के कारण लगभग तीन महीने तक मुंबई से बाहर थे। भाभीजी पूनम सिन्हा को जरूर पता होगा। उन्होंने उनके लौटने के बाद उन्हें इस बारे में बताने का फैसला किया होगा। अब वह मुंबई वापस आ गए हैं और सोनाक्षी और उनके परिवार के बीच सब ठीक है।’
जब उनसे पूछा गया कि क्या सोनाक्षी की शादी को लेकर शत्रुघ्न सिन्हा नाराज हैं, तो पहलाज निहलानी ने कहा, ‘हां, लेकिन वो लंबे समय तक नाराज नहीं रह सकते। सोनाक्षी के साथ तो बिल्कुल नहीं। वो उनकी लाडली हैं। शादी में शामिल नहीं होने का कोई सवाल ही नहीं उठता। जैसा कि शत्रुजी ने आपसे कहा, आजकल के बच्चे पैरेंट्स को जानकारी देते हैं, अनुमति नहीं लेते। अगर सोनाक्षी अपनी पसंद के लड़के से शादी कर रही हैं तो उन्हें नाराज क्यों होना चाहिए? जैसा की शत्रुजी ने खुद 40 साल पहले अपनी पसंद की लड़की से शादी की थी। मैंने भी अपना जीवनसाथी खुद चुना था। इसके अलावा किसी को अपने बच्चों से ऐसी उम्मीद नहीं रखनी चाहिए, जो वास्तविक न हो।’
शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा था, ‘सोनाक्षी अगर शादी कर रही हैं तो उनकी शादी के दिन मुझसे अधिक खुश कोई नहीं होगा। एक ही तो बेटी है मेरी। उसे अपना जीवनसाथी चुनने का पूरा अधिकार है।’ इससे पहले दिग्गज एक्टर और टीएमसी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने ‘जूम’ से बातचीत में कहा था, ‘मैं अभी दिल्ली में हूं। चुनाव नतीजों के बाद मैं यहां आया हूं। मैंने अपनी बेटी के प्लान्स के बारे में किसी से बात नहीं की है। तो आपका सवाल कि क्या वह शादी कर रही है? इसका यह जबाब है कि उसने मुझे इसके बारे में कुछ नहीं बताया है। मैं भी उतना ही जानता हूं जितना मीडिया ने मुझे बताया है। बता दे की अगर वह मुझे इस रिश्ते पर भरोसा दिलवाती है तो मैं और मेरी पत्नी इस जोड़े को अपना आशीर्वाद देंगे। हम हमेशा उसकी खुशी की इच्छा करते हैं। और हम उसके फैसले पर पूरा भरोसा करते हैं।’