यह सवाल उठना लाजिमी है कि हमारे देश को भीषण गर्मी से राहत कब मिलेगी! क्योंकि अगर तापमान की बात की जाए तो अधिकतर क्षेत्रों में तापमान 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है! जैसा कि तपती गर्मी से पूरा उत्तरी भारत त्राहिमाम कर रहा है। चाहे राजधानी दिल्ली हो या फिर आस-पास एनसीआर के इलाके, चढ़ता पारा लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा। दिल्ली में शनिवार को अधिकतम तापमान 44.6 डिगी सेल्सियस रहा, जो सामान्य से छह डिग्री अधिक है। रविवार को भी सुबह से ही सूरज की ऐसी तपिश थी मानो आग बरस रही हो। ऐसा ही हाल पंजाब-हरियाणा से लेकर यूपी, बिहार, झारखंड, राजस्थान तक देखने को मिल रहा। अधिकतम तापमान चढ़ रहा जिसके चलते दिन के समय लोगों का घरों से निकलना मानो दूभर हो गया है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने दिल्ली में अगले तीन दिन के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मतलब अगले तीन दिन गर्मी और लू से राहत के आसार नहीं है। हर कोई यही चर्चा कर रहा कि आखिर बारिश कब होगी, बदरा कब बरसेंगे। 5 दिन पहले गुजरात पहुंचे दक्षिण-पश्चिम मॉनसून को लेकर क्या अपडेट है। चिलचिलाती गर्मी से परेशान लोगों को बेसब्री से मॉनसून का इंतजार है। पूरी दिल्ली बुरी तरह से तप रही है। सुबह सूरज निकलने कुछ घंटे बाद से ही तापमान चढ़ना शुरू हो जाता है। हालात ऐसे हैं कि रात में भी गर्म हवा के थपेड़े महसूस किए जा सकते हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली वालो को अगले तीन दिन गर्मी से कोई राहत के आसार नहीं हैं। राष्ट्रीय राजधानी में अगले तीन दिन ‘ऑरेंज’ अलर्ट रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम पारा 32 डिग्री के आसपास रहने के आसार हैं। रविवार को सुबह से ही भीषण गर्मी और लू का असर साफ नजर आ रहा है।
पंजाब और हरियाणा की बात करें तो वहां भी झुलसाने वाली गर्मी से कोई राहत नहीं मिली। अधिकतम तापमान तेजी से ऊपर जा रहा। पंजाब के फाजिल्का स्थित अबोहर में अधिकतम तापमान 47.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी की रिपोर्ट के अनुसार, दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ भी भीषण गर्मी की चपेट में है। अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब के गुरदासपुर में अधिकतम तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस रहा। अमृतसर, लुधियाना, पटियाला और पठानकोट में अधिकतम तापमान क्रमशः 44.4, 44.3, 45.1 और 45.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पड़ोसी राज्य हरियाणा के नूंह में अधिकतम तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रोहतक और सिरसा में अधिकतम तापमान क्रमश: 45.3 और 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, गुरुग्राम में अधिकतम पारा 44.1 डिग्री और फरीदाबाद में 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में गर्मी से राहत के आसार नजर नहीं आ रहे। हीटवेव के हालात को देखते हुए लोगों को दोपहर के समय घरों में ही रहने की सलाह एक्सपर्ट दे रहे हैं।
बता दे की इस भीषण गर्मी से यूपीऔर बिहार के लोग भी परेशान हैं। उत्तर प्रदेश के कई शहरों में पारा नए रिकॉर्ड बनाता दिख रहा। इसके साथ ही राजधानी लखनऊ हो प्रयागराज या दूसरे जिले गर्मी से लोगों का हाल बेहाल हो रखा है। और मौसम विभाग के मुताबिक यूपी में अभी बारिश को लेकर कोई स्थिति बनती नहीं दिख रही। वहीं बात करें बिहार की तो वहां हालात अगले 24 घंटे में कुछ बदल सकते हैं। लू के थपेड़ों और गर्मी से बिहार के कुछ इलाकों को राहत के आसार हैं।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने आज भी बिहार के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश या फिर बादल छाने के साथ तेज हवा चलने का पूर्वानुमान जताया है। सहरसा, मधेपुरा, सुपौल, मधुबनी, पूर्णिया किशनगंज, अररिया में बादल गरजने के साथ बारिश का अलर्ट है। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के भी आसार जताए गए हैं। बिहार के कई इलाकों में आज से अगले तीन दिनों तक बारिश की भविष्यवाणी की गई है। उत्तर पश्चिम, उत्तर मध्य, उत्तर पूर्व बिहार में झमाझम बरसात की संभावना है, ऐसे में लोगों को चिलचिलाती गर्मी से कुछ राहत के आसार हैं।
झारखंड में भीषण गर्मी से लोग बेहाल हैं। इस बीच मौसम विभाग ने आज कई इलाकों में बारिश का पूर्वानुमान जताया है। राज्य के उत्तर पूर्वी, मध्य, दक्षिणी हिस्सों में कहीं पर हल्की बारिश के आसार है। वहीं कई दिनों से चढ़ते पारे में अगले तीन दिन कुछ गिरावट हो सकती है। अधिकतम तापमान बदले मौसम की वजह से 3 से 4 डिग्री नीचे आ सकता है। राज्य में अगले तीन बारिश की गुंजाइश है। ऐसे में लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिल सकती है।