लगातार दो सत्रों की मजबूती के बाद मंगलवार को सोने और चांदी के दामों में नरमी देखने को मिली। घरेलू बाजार में सोना करीब 960 रुपये टूटकर 1.57 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास आ गया। वहीं चांदी में भी तेज गिरावट दर्ज की गई और इसकी कीमत 2,640 रुपये घटकर लगभग 2.61 लाख रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई।
क्या रही वज़ह?
इस गिरावट की बड़ी वजह अमेरिकी डॉलर में आई मजबूती मानी जा रही है। डॉलर हाल ही में एक हफ्ते से ज्यादा के निचले स्तर पर चला गया था, लेकिन अब उसमें सुधार देखा गया है, जिससे कीमती धातुओं पर दबाव बना। इसके अलावा निवेशक इस सप्ताह आने वाले अमेरिका के रोजगार और महंगाई से जुड़े अहम आंकड़ों का इंतजार कर रहे हैं, जो ब्याज दरों की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।अंतरराष्ट्रीय बाजार की बात करें तो स्पॉट गोल्ड करीब 1% गिरकर 5,016 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार करता दिखा। इससे पहले डॉलर में कमजोरी के चलते सोने में करीब 2% की तेजी आई थी। गौरतलब है कि 29 जनवरी को सोना 5,594 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गया था। वहीं अमेरिकी बाजार में अप्रैल डिलीवरी वाला गोल्ड फ्यूचर भी हल्की गिरावट के साथ 5,041 डॉलर प्रति औंस के करीब रहा।चांदी में भी मुनाफावसूली देखने को मिली। स्पॉट सिल्वर करीब 2.5% गिरकर 81 डॉलर प्रति औंस पर आ गई। इससे पहले एक सत्र में इसमें लगभग 7% की जोरदार तेजी दर्ज की गई थी। उल्लेखनीय है कि 29 जनवरी को चांदी ने 121 डॉलर प्रति औंस का ऑल-टाइम हाई छुआ था।घरेलू सर्राफा बाजार में सोमवार को सोना-चांदी में जबरदस्त तेजी देखी गई थी। चांदी की कीमत में करीब 6.5% का उछाल आया था और यह 2.72 लाख रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई थी। वहीं शुद्ध सोने के दाम भी 1,300 रुपये बढ़कर 1.58 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बंद हुए थे।एमसीएक्स पर भी सोमवार को मजबूती रही थी। अप्रैल वायदा सोना करीब 1.9% की बढ़त के साथ 1.58 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था, जबकि मार्च वायदा चांदी में 5% से ज्यादा की तेजी दर्ज की गई थी।कुल मिलाकर, हालिया गिरावट को तेज बढ़त के बाद आई स्वाभाविक मुनाफावसूली, डॉलर में मजबूती और अमेरिकी आर्थिक आंकड़ों से पहले निवेशकों की सतर्कता का नतीजा माना जा रहा है।

