भोपाल। वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक कृष्णमोहन झा ने गुरुवार को मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सौजन्य भेंट की। इस दौरान उन्होंने अपनी नवप्रकाशित पुस्तक ‘डॉ. मोहन भागवत संदेश’ की प्रति मुख्यमंत्री को भेंट की और उन्हें पुस्तक के विमोचन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए सादर आमंत्रित किया।
प्रख्यात प्रकाशन संस्था मानक पब्लिकेशन, नई दिल्ली से प्रकाशित यह कृति राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत के विचारों और राष्ट्रचिंतन पर केंद्रित है। पुस्तक में भारतीय संस्कृति, सामाजिक समरसता, अध्यात्म, सेवा, पर्यावरण, राष्ट्रनिर्माण तथा विभिन्न समसामयिक विषयों पर डॉ. भागवत के दृष्टिकोण को विषयवार प्रस्तुत किया गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुस्तक के विषय और उसकी सामग्री को लेकर लेखक से चर्चा की। उन्होंने विमोचन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की सहमति भी प्रदान की। पुस्तक का विमोचन समारोह 11 सितंबर को शाम 4 बजे मध्यप्रदेश विधानसभा परिसर स्थित मानसरोवर सभागार, भोपाल में आयोजित किया जाएगा।
केवल भाषणों का संकलन नहीं, विचारों को समझने का प्रयास
लेखक कृष्णमोहन झा ने बताया कि ‘डॉ. मोहन भागवत संदेश’ केवल भाषणों का संकलन नहीं है, बल्कि डॉ. मोहन भागवत के लंबे सार्वजनिक जीवन, उनके राष्ट्र एवं समाज संबंधी चिंतन और विभिन्न विषयों पर उनके दृष्टिकोण को समझने का प्रयास है। पुस्तक में अलग-अलग अवसरों पर व्यक्त उनके विचारों को विषयानुसार आलेखों के रूप में प्रस्तुत किया गया है, ताकि पाठक उनके चिंतन की व्यापकता और उसके अंतर्निहित दृष्टिकोण को सहजता से समझ सकें।
उन्होंने बताया कि पुस्तक की एक विशेषता यह भी है कि इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा डॉ. मोहन भागवत के जन्मदिवस के अवसर पर व्यक्त किए गए विचारों को भी स्थान दिया गया है। इसके साथ ही विभिन्न संतों, धर्मगुरुओं और सार्वजनिक जीवन से जुड़ी प्रमुख हस्तियों के आशीर्वचन एवं अभिमत भी पुस्तक में शामिल हैं, जो इसे विशेष गरिमा प्रदान करते हैं।
कई विशिष्ट हस्तियां होंगी समारोह में शामिल
पुस्तक के विमोचन समारोह की अध्यक्षता मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर करेंगे। वहीं, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक एवं आरोग्य भारती के राष्ट्रीय संगठन प्रमुख डॉ. अशोक कुमार वार्ष्णेय मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे।
समारोह में संत समाज, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों तथा विभिन्न क्षेत्रों की विशिष्ट हस्तियों की सहभागिता भी प्रस्तावित है। आयोजकों के अनुसार, यह समारोह डॉ. मोहन भागवत के राष्ट्र, समाज, संस्कृति और समकालीन विषयों से जुड़े विचारों पर विमर्श का महत्वपूर्ण अवसर होगा।

