नई दिल्ली/मथुरा। मथुरा और वृंदावन की पवित्र विरासत, पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता संवर्द्धन को नई दिशा देने के उद्देश्य से हार्टफुलनेस संस्थान और उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद (UPBTVP) ने एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस साझेदारी के तहत ‘व्रज वैभव अभियान’ के माध्यम से वृंदावन के पवित्र कुंडों और वनों के संरक्षण एवं पुनर्स्थापना पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
उत्तर प्रदेश ब्रज नियोजन एवं विकास बोर्ड (संशोधन) अधिनियम के तहत गठित वैधानिक संस्था UPBTVP और हार्टफुलनेस संस्थान के बीच मथुरा में हुए इस समझौते का उद्देश्य मथुरा-वृंदावन में पर्यावरणीय पुनरुद्धार, विरासत संरक्षण, जैव विविधता संवर्द्धन, योग एवं ध्यान को बढ़ावा देने के साथ-साथ सामुदायिक विकास, युवा सहभागिता और क्षमता निर्माण कार्यक्रमों को संयुक्त रूप से आगे बढ़ाना है।
समझौते के अनुसार दोनों संस्थाएं ब्रज की पवित्र प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, पारिस्थितिकी तंत्र की बहाली, पर्यावरणीय जागरूकता बढ़ाने तथा स्थानीय समुदायों के कल्याण के लिए विभिन्न परियोजनाओं की पहचान, विकास और क्रियान्वयन में सहयोग करेंगी।
हार्टफुलनेस के वैश्विक मार्गदर्शक एवं श्री राम चंद्र मिशन के अध्यक्ष दाजी ने कहा कि ब्रज सदियों से ऐसा पवित्र स्थल रहा है, जहां प्रकृति और चेतना का अद्भुत सामंजस्य देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि भूमि की संवेदनशीलता के साथ देखभाल करना केवल पर्यावरण की रक्षा नहीं, बल्कि वहां रहने वाले लोगों के जीवन और चेतना को भी समृद्ध बनाना है। उनके अनुसार यह सहयोग आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रकृति के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी पर आधारित जीवंत विरासत तैयार करने का अवसर है।
UPBTVP के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्रा ने कहा कि ब्रज ने सदियों से आध्यात्मिक साधकों और समाज का मार्गदर्शन किया है। हार्टफुलनेस के साथ यह साझेदारी ब्रज को पवित्र विरासत, आंतरिक कल्याण और पर्यावरण संरक्षण के केंद्र के रूप में विकसित करने के साझा प्रयासों को नई मजबूती देगी।
परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी लक्ष्मी नागप्पा ने कहा कि इस सहयोग के माध्यम से साझा संकल्पों को जमीनी स्तर पर परिणामों में बदलने का प्रयास किया जाएगा, जिससे ब्रज का पर्यावरण, जनभागीदारी और सांस्कृतिक जीवंतता और अधिक सुदृढ़ होगी।
समझौते के तहत हार्टफुलनेस संस्थान और UPBTVP आवश्यकता के अनुसार तकनीकी विशेषज्ञों, कार्यान्वयन एजेंसियों, कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) भागीदारों, शैक्षणिक संस्थानों तथा अन्य हितधारकों के सहयोग से नई परियोजनाएं विकसित करेंगे। प्रत्येक परियोजना अलग-अलग वित्तीय एवं प्रशासनिक व्यवस्था के तहत संचालित होगी, जबकि दोनों संस्थाएं अपनी-अपनी बौद्धिक संपदा, ट्रेडमार्क, लोगो और कार्यप्रणालियों पर स्वामित्व बनाए रखेंगी।
हार्टफुलनेस संस्थान ध्यान, योग और जीवनशैली आधारित अभ्यासों के माध्यम से मानसिक शांति, संतुलन और सकारात्मक जीवन मूल्यों को बढ़ावा देने वाला वैश्विक संगठन है। वर्तमान में इसके 160 देशों में 5,000 से अधिक केंद्र संचालित हैं, जहां लाखों लोग ध्यान का अभ्यास कर रहे हैं। संस्था के हजारों स्वयंसेवी प्रशिक्षक स्कूलों, कॉलेजों, कॉरपोरेट संस्थानों, गैर-सरकारी संगठनों और सरकारी निकायों के साथ मिलकर व्यापक स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित कर रहे हैं।

