टी20 विश्व कप में भारत ने पाकिस्तान पर शानदार जीत दर्ज की और कई अहम रिकॉर्ड अपने नाम किए। कोलंबो में खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम ने 61 रनों से जीत हासिल की, जो टी20 अंतरराष्ट्रीय में पाकिस्तान के खिलाफ रनों के अंतर से भारत की सबसे बड़ी जीत बन गई।
भारत ने की बल्लेबाजी
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 175 रन बनाए। टीम के लिए ईशान किशन ने 40 गेंदों में 77 रन की तेज पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 3 छक्के शामिल थे। उन्होंने तिलक वर्मा (25) के साथ दूसरे विकेट के लिए 87 रनों की साझेदारी की। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 32 और शिवम दुबे ने 27 रन का योगदान दिया।176 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही। शुरुआती दो ओवरों में ही टीम ने तीन विकेट गंवा दिए। इसके बाद भी नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और पूरी टीम 18 ओवर में 114 रन पर सिमट गई। उस्मान खान ने सर्वाधिक 44 रन बनाए, जबकि अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके।भारत की ओर से हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने दो-दो विकेट लिए। कुलदीप यादव और तिलक वर्मा को एक-एक सफलता मिली।इस जीत के साथ भारत ने टी20 में पाकिस्तान के खिलाफ अपने पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। इससे पहले भारत की पाकिस्तान पर सबसे बड़ी जीत 11 रनों से थी, लेकिन अब 61 रनों की जीत नया कीर्तिमान बन गई है।ग्रुप ए में भारत ने लगातार तीन मैच जीतकर सुपर आठ में जगह पक्की कर ली है। टीम ने पहले अमेरिका और नामीबिया को हराया था और अब पाकिस्तान को मात देकर छह अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर बनी हुई है। पाकिस्तान की टीम तीन मैचों में दो जीत और एक हार के साथ चार अंकों पर तीसरे स्थान पर खिसक गई है और उसे आगे बढ़ने के लिए अपना अगला मुकाबला हर हाल में जीतना होगा।

