अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक में संगठनात्मक बदलाव करते हुए बजरंग बांगड़ा को नया महासचिव नियुक्त किया गया। बैठक के दौरान ट्रस्ट ने पूर्व महासचिव चंपत राय का इस्तीफा भी स्वीकार कर लिया।
बैठक में ट्रस्ट के पदाधिकारियों और सदस्यों ने मंदिर निर्माण, प्रबंधन और भविष्य की योजनाओं सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की। महासचिव पद पर बजरंग बांगड़ा की नियुक्ति को ट्रस्ट के प्रशासनिक कार्यों को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय माना जा रहा है।
चंपत राय ने राम मंदिर निर्माण और ट्रस्ट के कार्यों में लंबे समय तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके कार्यकाल में मंदिर निर्माण परियोजना के विभिन्न चरणों को गति मिली और कई अहम प्रशासनिक जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया गया। ट्रस्ट की ओर से नए महासचिव के नेतृत्व में आगामी योजनाओं और मंदिर से जुड़े विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का भरोसा व्यक्त किया गया। बैठक के निर्णयों को राम मंदिर के संचालन और प्रबंधन की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बजरंग बागड़ा मूल रूप से राजस्थान के सीकर जिले के निवासी हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा वर्ष 1961 से 1970 के बीच लोसल (सीकर) के राजकीय माध्यमिक विद्यालय में हुई। छात्र जीवन से ही वे मेधावी रहे और राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षा में राज्य स्तरीय मेरिट सूची में स्थान प्राप्त किया। अपनी प्रतिभा के बल पर उन्होंने राष्ट्रीय मेधा छात्रवृत्ति (नेशनल मेरिट स्कॉलरशिप) भी हासिल की। विद्यालय के दिनों में वे फर्स्ट क्लास स्काउट और पेट्रोल लीडर के रूप में भी सक्रिय रहे।
स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने जयपुर के प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ कॉमर्स से बी.कॉम की डिग्री प्राप्त की। इसके पश्चात उन्होंने द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) से चार्टर्ड अकाउंटेंसी (सीए) की पढ़ाई पूरी कर पेशेवर योग्यता अर्जित की।

