HomeEntertainmentभ्रष्टाचार के खिलाफ अमय पटनायक की एक और दमदार जंग; पहली बार...

भ्रष्टाचार के खिलाफ अमय पटनायक की एक और दमदार जंग; पहली बार टीवी पर प्रसारित होगी ‘रेड 2’

मुंबई: भ्रष्टाचार के खिलाफ एक ईमानदार अधिकारी की दमदार लड़ाई को दर्शाती बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रेड 2’ अब पहली बार टेलीविजन पर दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार है। अजय देवगन, रितेश देशमुख और वाणी कपूर अभिनीत यह फिल्म शुक्रवार, 31 जुलाई, शाम 7:30 बजे अनमोल सिनेमा पर प्रसारित की जाएगी।

निर्देशक राज कुमार गुप्ता के निर्देशन में बनी यह फिल्म सच और झूठ, ईमानदारी और भ्रष्टाचार के बीच संघर्ष की कहानी को रोमांचक अंदाज़ में पेश करती है। फिल्म में अजय देवगन एक बार फिर निर्भीक और ईमानदार आईआरएस अधिकारी अमय पटनायक की भूमिका में नज़र आएंगे, जो प्रभावशाली और भ्रष्ट लोगों के खिलाफ बिना डरे कार्रवाई करते हैं।

इस बार अमय पटनायक का सामना होता है दादाभाई से, जिसकी भूमिका रितेश देशमुख ने निभाई है। बाहरी दुनिया के सामने संत की छवि रखने वाला यह किरदार असल में अपराध और भ्रष्टाचार की गहरी साज़िशों में शामिल है। फिल्म में दोनों कलाकारों के बीच टकराव कहानी का सबसे बड़ा आकर्षण है। अजय देवगन की संयमित लेकिन प्रभावशाली अदाकारी और रितेश देशमुख के दमदार नकारात्मक किरदार ने फिल्म को और अधिक रोचक बना दिया है।

फिल्म में सौरभ शुक्ला, रजत कपूर और अमित सियाल जैसे अनुभवी कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे, जो कहानी को और अधिक प्रभावशाली बनाते हैं।

‘रेड 2’ का निर्माण भूषण कुमार, कुमार मंगत पाठक, अभिषेक पाठक और कृष्ण कुमार ने किया है। फिल्म को गुलशन कुमार और टी-सीरीज़ द्वारा प्रस्तुत किया गया है तथा यह पैनोरमा स्टूडियोज़ का प्रोडक्शन है।

फिल्म की कहानी एक बार फिर यह सवाल उठाती है कि क्या ईमानदारी और कानून की ताकत भ्रष्टाचार के सबसे मजबूत किलों को भी ध्वस्त कर सकती है। अमय पटनायक का नया मिशन रोमांच, सस्पेंस और जबरदस्त ड्रामा से भरपूर है, जिसमें हर मोड़ पर नए खुलासे दर्शकों को बांधे रखते हैं।

भ्रष्टाचार के खिलाफ एक और साहसिक अभियान और दमदार अभिनय से सजी ‘रेड 2’ का आनंद दर्शक 31 जुलाई, शुक्रवार, शाम 7:30 बजे पहली बार अनमोल सिनेमा पर ले सकेंगे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments