मुंबई : बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों हॉलीवुड की बड़ी फिल्मों का दबदबा देखने को मिल रहा है, लेकिन इस बीच निर्देशक अकाशादित्य लामा की फिल्म ‘दुल्हनिया ले आएगी’ ने अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखते हुए शानदार तीसरे हफ्ते में प्रवेश कर लिया है। ‘स्पाइडर-मैन’ और ‘द ओडिसी’ जैसी चर्चित हॉलीवुड फिल्मों के बीच भी फिल्म का सिनेमाघरों में मजबूती से टिके रहना देसी कंटेंट की लोकप्रियता का संकेत माना जा रहा है।
मजबूत कंटेंट और दर्शकों के प्यार का असर
‘दुल्हनिया ले आएगी’ को दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया और मजबूत वर्ड ऑफ माउथ का लगातार फायदा मिल रहा है। परिवारों से लेकर युवाओं तक फिल्म को पसंद किया जा रहा है। भारतीय परिवेश, रिश्तों की भावनात्मक गर्माहट, हास्य और मनोरंजन का मेल फिल्म को दर्शकों से जोड़ने में कामयाब रहा है।
फिल्म की खास पकड़ टियर-2 और टियर-3 शहरों में देखने को मिल रही है, जहां स्थानीय भावनाओं और भारतीय पारिवारिक कहानियों से जुड़ा कंटेंट दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच रहा है।
रिपीट ऑडियंस ने बढ़ाया भरोसा
दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया के साथ फिल्म को रिपीट व्यूइंग का भी लाभ मिल रहा है। कई स्थानों पर दर्शकों की मांग को देखते हुए प्रदर्शकों ने फिल्म के शो जारी रखे हैं, जबकि कुछ सिनेमाघरों में अतिरिक्त शो भी जोड़े गए हैं।
निर्माताओं सिद्धार्थ बनर्जी, अकाशादित्य लामा और विकास अग्रवाल का कहना है कि तीसरे सप्ताह में फिल्म का पहुंचना दर्शकों के प्यार और सकारात्मक वर्ड ऑफ माउथ की बड़ी जीत है। उनके मुताबिक, दर्शकों की प्रतिक्रिया ने यह भरोसा मजबूत किया है कि अच्छी कहानी और मनोरंजन से भरपूर भारतीय फिल्म बड़े ग्लोबल रिलीज के बीच भी अपनी जगह बना सकती है।
देसी कहानी ने बनाया अलग मुकाम
फिल्म में खुशाली कुमार, महेश मांजरेकर, पीयूष मिश्रा, ओंकार कपूर, इस्तमबॉस, बी.सी. आंटी और अगु स्टेनली चिएडोजी जैसे कलाकार नजर आ रहे हैं। फिल्म की कहानी में भारतीय रिश्तों, भावनाओं और हास्य को मनोरंजन के साथ पेश किया गया है।
बॉक्स ऑफिस पर तीसरे सप्ताह तक अपनी पकड़ बनाए रखना इस बात का संकेत है कि दर्शकों के लिए बड़े बजट और ग्लोबल फिल्मों के साथ-साथ कहानी, भावनात्मक जुड़ाव और मनोरंजन भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं।
‘दुल्हनिया ले आएगी’ का प्रदर्शन एक बार फिर यह संदेश देता है कि यदि कहानी दर्शकों के दिल तक पहुंच जाए, तो हॉलीवुड की बड़ी रिलीज के बीच भी एक देसी कहानी अपने दम पर सिनेमाघरों में लंबी पारी खेल सकती है।

