एनटीपीसी की सीएसआर योजना के तहत स्थापित लाइटें करीब एक वर्ष से सफलतापूर्वक संचालित, ग्रामीणों और श्रद्धालुओं को मिल रही सुविधा
चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ लोकसभा क्षेत्र में सांसद सी.पी. जोशी के प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्रों, दुर्गम स्थलों और प्रमुख सार्वजनिक मार्गों पर स्थापित सोलर स्ट्रीट लाइटें पिछले करीब एक वर्ष से संचालित हो रही हैं। चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़ और उदयपुर जिलों के विभिन्न स्थानों पर स्थापित इन लाइटों से ग्रामीणों और राहगीरों को रात्रिकालीन आवागमन में सुविधा मिल रही है।
250 सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाई गइै हैं। भारत सरकार के विद्युत मंत्रालय के अधीन सार्वजनिक उपक्रम नेशनल थर्मल पावर कॉरपोरेशन एनटीपीसी द्वारा अपनी कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी सीएसआर योजना के अंतर्गत इन सोलर स्ट्रीट लाइटों की स्थापना की गई है। यह काम इंडस इनिशिएटिव काउंसिल ने किया है।
चित्तौड़गढ़ के कई ग्रामीण क्षेत्रों में रोशनी
चित्तौड़गढ़ जिले में खेड़ी रोड, सियालिया, नरबदिया, नारेला, नाहरगढ़, भूतिया कलां, पारोली, कुम्हारखेड़ा, बस्सी, मुंगाणा और उचनार कला सहित विभिन्न स्थानों पर सोलर स्ट्रीट लाइटें स्थापित की गई हैं।
इन लाइटों के माध्यम से गांवों के सार्वजनिक स्थानों और प्रमुख रास्तों पर रात्रि के समय बेहतर प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध हो रही है, जिससे स्थानीय नागरिकों और राहगीरों को आवागमन में सुविधा मिल रही है।
प्रतापगढ़ में मंदिर मार्गों पर भी सुविधा
प्रतापगढ़ जिले में गोतमेश्वर महादेव मंदिर के मार्ग पर 20 तथा दिवाक माता मंदिर के मार्ग पर 20 सोलर स्ट्रीट लाइटें स्थापित की गई हैं।
ये दोनों क्षेत्र धार्मिक एवं पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं। यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के साथ-साथ आसपास के ग्रामीणों को भी शाम और रात के समय बेहतर प्रकाश व्यवस्था का लाभ मिल रहा है।
उदयपुर में तालाब की पाल पर रोशनी
उदयपुर जिले के मावली, मेणार, धूणीमाता, भटेवर और नउवा सहित विभिन्न स्थानों पर भी सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं। इनमें कई लाइटें तालाब की पाल पर स्थापित की गई हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इन लाइटों से रात के समय तालाब की पाल पर आवागमन और भ्रमण में सुविधा हुई है। प्रकाश व्यवस्था के कारण स्थानीय नागरिक देर शाम तक इन सार्वजनिक स्थलों का उपयोग कर पा रहे हैं।
ग्रामीणों को कई स्तर पर मिल रहा लाभ
करीब एक वर्ष से संचालित इन सोलर स्ट्रीट लाइटों से ग्रामीण क्षेत्रों में रात्रिकालीन आवागमन सुगम हुआ है। प्रमुख मार्गों पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था मिलने के साथ मंदिरों, आश्रमों और अन्य धार्मिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं को भी सुविधा मिल रही है।
सौर ऊर्जा आधारित इन लाइटों के कारण स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिल रहा है और पारंपरिक विद्युत व्यवस्था पर निर्भरता कम करने की दिशा में भी इसे एक उपयोगी पहल के रूप में देखा जा रहा है।
दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यावरण-अनुकूल प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध होने के साथ ग्राम पंचायतों द्वारा रखरखाव की व्यवस्था किए जाने से इनके निरंतर संचालन में भी मदद मिल रही है।
सांसद ने एनटीपीसी और स्थानीय प्रशासन का जताया आभार
सांसद सी.पी. जोशी ने संसदीय क्षेत्र में सोलर स्ट्रीट लाइटों की स्थापना और इनके सफल संचालन के लिए एनटीपीसी तथा रखरखाव में सहयोग के लिए स्थानीय ग्रामीण प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास का वास्तविक लाभ तब दिखाई देता है, जब आधारभूत सुविधाएं आम नागरिकों के दैनिक जीवन को सुविधाजनक बनाती हैं। सोलर स्ट्रीट लाइटों के माध्यम से गांवों, धार्मिक स्थलों और प्रमुख मार्गों पर रात्रि में प्रकाश की सुविधा उपलब्ध हुई है, जिसका लाभ ग्रामीणों और श्रद्धालुओं को लगातार मिल रहा है।
सांसद ने कहा कि सौर ऊर्जा के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों को रोशन करना पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ टिकाऊ विकास की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।
इस प्रकार सांसद सी.पी. जोशी के प्रयासों से स्वीकृत होकर स्थापित की गई ये सोलर स्ट्रीट लाइटें अब केवल स्वीकृति तक सीमित नहीं हैं, बल्कि पिछले करीब एक वर्ष से जमीनी स्तर पर संचालित होकर ग्रामीण नागरिकों को प्रत्यक्ष सुविधा प्रदान कर रही हैं।

