नई दिल्ली। ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म स्विगी ने ग्राहकों की खाद्य सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं के समाधान के लिए दो नई समर्पित सुविधाएं शुरू की हैं। कंपनी ने 24×7 फूड सेफ्टी हेल्पलाइन और ऐप के हेल्प सेक्शन में एक अलग ‘फूड सेफ्टी’ चैनल पेश किया है।
अब ग्राहक खाद्य सुरक्षा से जुड़ी शिकायत सीधे कस्टमर केयर एजेंट तक पहुंचाने के लिए 7948231850 पर कॉल कर सकते हैं। इसके अलावा, स्विगी ऐप के हेल्प सेक्शन में मौजूद ‘फूड सेफ्टी’ विकल्प के जरिए भी ग्राहक अपने ऑर्डर से जुड़ी शिकायत दर्ज करा सकेंगे।
फोटो अपलोड कर सकेंगे ग्राहक
ऐप के इस नए चैनल में ग्राहक अपनी समस्या संक्षिप्त संदेश के जरिए साझा करने के साथ संबंधित तस्वीरें भी अपलोड कर सकते हैं। शिकायत दर्ज होने के बाद ग्राहक को एक टिकट नंबर मिलेगा, जिसके जरिए वह अपनी शिकायत की स्थिति जान सकेगा।
वहीं, हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने वाले ग्राहकों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एक लिंक भेजा जाएगा। इस लिंक के जरिए वे मामले से जुड़ी अतिरिक्त जानकारी और तस्वीरें साझा कर सकेंगे।
स्विगी के मुताबिक, दोनों माध्यमों से मिली शिकायतों की समीक्षा उसकी फूड सेफ्टी एश्योरेंस टीम प्राथमिकता के आधार पर करेगी और जरूरत के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
बार-बार सामने आने वाली समस्याओं की होगी पहचान
कंपनी के अनुसार, नई हेल्पलाइन और इन-ऐप चैनल सिर्फ शिकायतों के समाधान तक सीमित नहीं रहेंगे। इनके जरिए स्विगी को खाद्य सुरक्षा से जुड़ी बार-बार सामने आने वाली समस्याओं और पैटर्न की पहचान करने में मदद मिलेगी।
इसके आधार पर कंपनी रेस्टोरेंट पार्टनर्स के साथ मिलकर सुधारात्मक कदम उठा सकेगी और पूरे प्लेटफॉर्म पर खाद्य सुरक्षा से जुड़े उपायों को और मजबूत कर सकेगी।
स्विगी फूड मार्केटप्लेस के चीफ बिजनेस ऑफिसर सिद्धार्थ भाकू ने कहा कि कंपनी खाद्य सुरक्षा को लेकर रेस्टोरेंट पार्टनर्स के साथ लगातार काम कर रही है। उनके मुताबिक, ग्राहकों की प्रतिक्रिया कंपनी के कामकाज का महत्वपूर्ण हिस्सा है और नए माध्यमों से किसी भी कमी को पहचानने और उसे दूर करने में मदद मिलेगी।
रेस्टोरेंट पार्टनर्स के साथ लगातार काम
स्विगी ने कहा कि वह रेस्टोरेंट पार्टनर्स के साथ मिलकर उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री के इस्तेमाल को बढ़ावा दे रही है। साथ ही, मेनू में खाद्य सामग्री से जुड़ी जानकारी सही तरीके से प्रदर्शित करने पर भी जोर दिया जा रहा है।
कंपनी समय-समय पर अपने रेस्टोरेंट पार्टनर्स को स्वच्छता प्रक्रियाओं और खाद्य सुरक्षा मानकों के बारे में जागरूक भी करती है।
नई पहल के जरिए स्विगी का लक्ष्य ग्राहकों के लिए खाद्य सुरक्षा से जुड़ी शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया को आसान, तेज और अधिक पारदर्शी बनाना है।

