HomeTechnologyएयरटेल के 37.6 करोड़ ग्राहकों को मिलेगा 12 महीने का सुपर डुओलिंगो...

एयरटेल के 37.6 करोड़ ग्राहकों को मिलेगा 12 महीने का सुपर डुओलिंगो सब्सक्रिप्शन

नई दिल्ली। भारत में भाषा सीखने को आसान और सुलभ बनाने की दिशा में एक अहम पहल के तहत दुनिया के प्रमुख मोबाइल लर्निंग प्लेटफॉर्म डुओलिंगो ने भारत के प्रमुख दूरसंचार सेवा प्रदाताओं में से एक भारती एयरटेल के साथ साझेदारी की है। इस साझेदारी के तहत एयरटेल के करीब 37.6 करोड़ ग्राहकों को बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के 12 महीने तक सुपर डुओलिंगो की सदस्यता दी जाएगी।

इस साझेदारी के जरिए एयरटेल ग्राहक प्रीमियम और विज्ञापन-मुक्त भाषा सीखने के अनुभव का लाभ उठा सकेंगे। सुपर डुओलिंगो में अनलिमिटेड एनर्जी, एआई आधारित रीयल-टाइम बोलने का अभ्यास, व्यक्तिगत जरूरतों के अनुरूप प्रैक्टिस और अपनी गलतियों की समीक्षा जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

एआई की मदद से रीयल-टाइम बोलने का अभ्यास

सुपर डुओलिंगो में एआई आधारित बातचीत की सुविधा भी शामिल है। इसके जरिए यूजर्स रीयल-टाइम में बोलने का अभ्यास कर सकते हैं और भाषा का इस्तेमाल करने को लेकर अपना आत्मविश्वास बढ़ा सकते हैं।

डुओलिंगो का कहना है कि नियमित अभ्यास और वास्तविक जीवन में भाषा के उपयोग को ध्यान में रखकर तैयार की गई ये सुविधाएं सीखने वालों को केवल पाठ पूरा करने तक सीमित नहीं रखतीं, बल्कि उन्हें भाषा का सक्रिय रूप से इस्तेमाल करने के लिए प्रोत्साहित करती हैं।

40 से अधिक भाषाओं में सीखने का विकल्प

डुओलिंगो का भाषा सीखने वाला ऐप 40 से अधिक भाषाओं में पाठ्यक्रम उपलब्ध कराता है। छोटे-छोटे पाठ, गेमिफिकेशन, व्यक्तिगत सीखने और एआई आधारित सुविधाओं के माध्यम से भाषा सीखने की प्रक्रिया को रोचक और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया है।

भाषाओं के अलावा डुओलिंगो पर यूजर्स शतरंज, गणित और संगीत भी सीख सकते हैं।

मोबाइल, वाई-फाई और डीटीएच ग्राहकों को मिलेगा लाभ

सुपर डुओलिंगो का यह ऑफर एयरटेल के मोबाइल, वाई-फाई और डीटीएच ग्राहकों के लिए उपलब्ध होगा। ग्राहक एयरटेल ऐप के माध्यम से इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। खास बात यह है कि ऑफर को एक्टिवेट करने के लिए किसी क्रेडिट कार्ड की आवश्यकता नहीं होगी।

कंपनी के मुताबिक, भाषा कौशल आज शिक्षा, करियर और वैश्विक अवसरों तक पहुंच का महत्वपूर्ण माध्यम बनता जा रहा है। ऐसे में इस साझेदारी का उद्देश्य एयरटेल ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराना है, ताकि वे आसानी और नियमितता के साथ अपने भाषा कौशल को बेहतर बना सकें।

भारत में स्थानीय भाषाओं पर भी जोर

डुओलिंगो भारतीय शिक्षार्थियों के लिए अपनी सेवाओं और पाठ्यक्रमों का लगातार विस्तार कर रहा है। हाल ही में कंपनी ने ‘पंजाबी के माध्यम से अंग्रेजी सीखें’ पाठ्यक्रम शुरू किया है।

भारतीय भाषा बोलने वालों के लिए डुओलिंगो पर हिंदी, बांग्ला, तेलुगु, तमिल और उर्दू के माध्यम से भी भाषा सीखने के विकल्प उपलब्ध हैं। कंपनी का कहना है कि इन पाठ्यक्रमों का विस्तार भारत के विविध भाषाई समुदायों की जरूरतों को ध्यान में रखकर किया जा रहा है।

डुओलिंगो ने क्या कहा?

डुओलिंगो इंडिया में बिजनेस डेवलपमेंट प्रमुख राशि धनानी ने कहा कि भारत कंपनी के सबसे महत्वपूर्ण बाजारों में से एक है। छात्रों, पेशेवरों और तेजी से वैश्विक होते कार्यबल की जरूरतों के कारण देश में भाषा सीखने की मांग लगातार बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि भाषा सीखना सभी के लिए सुलभ और रोचक होना चाहिए, ताकि लोग इसे अपनी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बना सकें। एयरटेल के साथ साझेदारी के जरिए सुपर डुओलिंगो को अधिक लोगों तक पहुंचाने और देशभर के शिक्षार्थियों को बेहतर सीखने का अनुभव देने में मदद मिलेगी।

सुपर डुओलिंगो की सदस्यता से जुड़े लाभ मौजूदा सुपर डुओलिंगो सब्सक्रिप्शन के आधार पर बताए गए हैं और एक वर्ष के लिए मान्य होंगे। इस ऑफर पर नियम और शर्तें लागू होंगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments