20 सदस्यीय टीम में अनुभवी प्रोफेशनल्स, उभरते गोल्फ टैलेंट और सेलिब्रिटी खिलाड़ी शामिल; 31 अगस्त से 5 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा में होगा TGCL का चौथा सीजन
नई दिल्ली। वेव सिटी की प्रमुख टीम ‘वेव राइडर्स’ ने क्रिकेट दिग्गज कपिल देव द्वारा प्रस्तुत बहुप्रतीक्षित ट्रिनिटी गोल्फ चैंपियंस लीग (TGCL) 2026 के लिए अपनी 20 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। अनुभवी खिलाड़ियों और उभरती प्रतिभाओं के संतुलित मिश्रण वाली यह टीम आगामी टूर्नामेंट में दमदार प्रदर्शन के लिए तैयार है।
TGCL का चौथा सीजन 31 अगस्त से 5 सितंबर 2026 तक ग्रेटर नोएडा स्थित प्रतिष्ठित जेपी ग्रीन्स गोल्फ कोर्स में आयोजित किया जाएगा। टीम की आधिकारिक घोषणा के अवसर पर टीम के सभी सदस्य, प्रायोजक और कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
अनुभव और युवा प्रतिभा का शानदार मेल
वेव राइडर्स ने पिछले सीजन के अनुभवों को आधार बनाते हुए इस बार भी अनुभवी प्रोफेशनल्स, उभरते गोल्फ टैलेंट और एक प्रतिष्ठित सेलिब्रिटी खिलाड़ी का मिश्रण तैयार किया है। पिछले सफल सीजन के कई खिलाड़ियों की वापसी के साथ टीम में नए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया है।
टीम का उद्देश्य अनुभवी खिलाड़ियों के अनुभव का लाभ उठाने के साथ-साथ उभरते गोल्फ खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर देना है।
टीम में मशहूर व्यक्तित्व जफर इकबाल सेलिब्रिटी गोल्फर के रूप में शामिल हुए हैं। वहीं सिमरजीत सिंह टीम के कप्तान और आशीष कपूर उप-कप्तान होंगे। टीम के अन्य प्रमुख खिलाड़ियों में शौर्य भट्टाचार्य, रिद्धिमा दिलावरी, अर्जुन शर्मा और जैसमीन शेकर समेत कई प्रतिभाशाली गोल्फर शामिल हैं।
खेलों के जरिए स्वास्थ्य और सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा
इस अवसर पर वेव ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर और टीम वेव राइडर्स के प्रमोटर राजीव गुप्ता ने कहा कि TGCL 2026 के लिए वेव राइडर्स की टीम पेश करते हुए उन्हें खुशी हो रही है। उन्होंने कहा कि टीम में अनुभवी और नए टैलेंट का बेहतरीन संतुलन है।
उन्होंने विश्वास जताया कि पिछले वर्ष के अनुभवों और सीख का लाभ उठाते हुए टीम टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करेगी और नए मानक स्थापित करेगी। उन्होंने कहा कि वेव ग्रुप खेलों के माध्यम से स्वास्थ्य, वेलनेस और सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
कपिल देव ने वेव राइडर्स को दी शुभकामनाएं
TGCL के प्रस्तुतकर्ता और क्रिकेट दिग्गज कपिल देव ने कहा कि ट्रिनिटी गोल्फ चैंपियंस लीग अपने चौथे सीजन में पहुंच चुकी है और यह खुशी की बात है कि वेव राइडर्स लगातार इस प्रतियोगिता का हिस्सा बन रही है।
उन्होंने कहा कि TGCL प्रोफेशनल्स, एमेच्योर खिलाड़ियों और सेलिब्रिटीज को एक साथ प्रतिस्पर्धा करने तथा गोल्फ को बढ़ावा देने के लिए एक अनूठा मंच प्रदान करता है। उन्होंने वेव राइडर्स से एक और शानदार प्रदर्शन की उम्मीद जताई।
प्रतिभाओं को मंच देने पर जोर
TGCL के प्रमोटर अतीत गौर ने कहा कि उन्हें ऐसे टूर्नामेंट से जुड़कर खुशी है, जो खेल उत्कृष्टता, प्रतिस्पर्धी भावना और सामुदायिक जुड़ाव को एक मंच पर लाता है।
उन्होंने कहा कि TGCL जैसे प्लेटफॉर्म प्रतिभाओं को निखारने, खेलों में भागीदारी को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों तथा दर्शकों के लिए यादगार अनुभव तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाली सभी टीमों को शुभकामनाएं दीं।
IPL शैली के फॉर्मेट में गोल्फ का रोमांच
ट्रिनिटी गोल्फ चैंपियंस लीग कपिल देव की परिकल्पना पर आधारित एक अनूठी गोल्फ प्रतियोगिता है। इसका फॉर्मेट IPL की तर्ज पर टीम आधारित है, जिसमें प्रोफेशनल, एमेच्योर और सेलिब्रिटी खिलाड़ी एक साथ प्रतिस्पर्धा करते हैं।
व्यक्तिगत प्रतिभा, टीम रणनीति और प्रतिस्पर्धी भावना के इस अनोखे मेल के जरिए TGCL गोल्फ को एक नया और रोमांचक स्वरूप देने का प्रयास कर रहा है। अब वेव राइडर्स की नजरें 31 अगस्त से शुरू हो रहे चौथे सीजन में दमदार प्रदर्शन पर टिकी हैं।

