HomeNational Newsसुरक्षा कारणों से दिल्ली के चार प्रमुख मेट्रो स्टेशन सहित कुल 16...

सुरक्षा कारणों से दिल्ली के चार प्रमुख मेट्रो स्टेशन सहित कुल 16 मेट्रो स्टेशनों अगले आदेश तक बंद, इंटरचेंज सुविधा रहेगी जारी

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने बड़ा फैसला लिया है। डीएमआरसी ने जनपथ, राजीव चौक, पटेल चौक और केंद्रीय सचिवालय सहित कुल 16 मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद करने की घोषणा की है। यह कदम जंतर-मंतर पर चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर उठाया गया है।

डीएमआरसी द्वारा जारी सर्विस अपडेट के अनुसार, सुरक्षा कारणों से इन स्टेशनों पर यात्रियों के प्रवेश और निकास पर रोक लगा दी गई है। हालांकि, राजीव चौक और केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों के लिए इंटरचेंज (लाइन बदलने) की सुविधा पहले की तरह उपलब्ध रहेगी।

यात्रियों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील

दिल्ली मेट्रो ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले मेट्रो सेवाओं की ताजा जानकारी अवश्य जांच लें और आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। डीएमआरसी ने स्पष्ट किया है कि यह व्यवस्था अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी।

प्रदर्शन को लेकर बढ़ाई गई सुरक्षा

जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के बीच राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी क्रम में संवेदनशील क्षेत्रों के आसपास मेट्रो स्टेशनों को अस्थायी रूप से बंद करने का निर्णय लिया गया है, ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो।

सीजेपी का सरकार पर हमला

इस बीच, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने दावा किया कि यह आंदोलन आज़ादी के बाद देश के सबसे बड़े जनआंदोलनों में से एक है। उन्होंने कहा कि 20 तारीख को हुआ प्रदर्शन केवल एक “ट्रेलर” था और यदि सरकार उनकी मांगों पर ध्यान नहीं देती है तो आने वाले दिनों में लाखों लोग दिल्ली पहुंचेंगे।

रांका ने आरोप लगाया कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण है और पिछली बार भी अव्यवस्था तब फैली जब पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर बल प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारी गांधी और डॉ. भीमराव आंबेडकर के सिद्धांतों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रख रहे हैं।

यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले डीएमआरसी की आधिकारिक अपडेट पर नजर रखें और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। अधिकारियों के अनुसार, स्थिति की लगातार समीक्षा की जा रही है और परिस्थितियों के अनुसार आगे के निर्णय लिए जाएंगे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments